प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

कोचिंग से घर लौटते वक्त हुआ हादसा

हादसाः सोहागपुर क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई स्कूटी, तीन स्कूली छात्रों की दर्दनाक मौत

नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

हादसाः सोहागपुर क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई स्कूटी तीन स्कूली छात्रों की दर्दनाक मौत

Scooty collides with tractor-trolley, tragic death of three school students |

नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। करनपुर के पास धान से भरी खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में तेज रफ्तार स्कूटी घुस गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में कक्षा 9वीं के तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई।

कोचिंग से पढ़ाई कर स्कूटी से घर लौट रहे थे तीनों छात्र

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों छात्र कोचिंग से पढ़ाई कर स्कूटी से अपने गांव आमदेही लौट रहे थे। रास्ते में अंधेरे और सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई न देने के कारण स्कूटी सीधे पीछे से ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों छात्र सड़क पर गिर पड़े। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों छात्र एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जिनमें से दो आपस में सगे भाई थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सड़क पर बिना संकेतक या रिफ्लेक्टर के खड़ी थी ट्रैक्टर-ट्रॉली

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर बिना किसी संकेतक या रिफ्लेक्टर के खड़ी थी, जिससे हादसे की आशंका बढ़ गई।

गांव आमदेही में फैली शोक की लहर

इस हादसे के बाद गांव आमदेही और आसपास के इलाकों में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और रात में सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/a-speeding-car-ran-over-13-laborers-at-ekta-chowk-two-died-and-7-injured/105387

बरेला थाना क्षेत्र के एकता चौक पर तेज रफ्तार कार ने 13 मजदूरों को कुचला, दो की मौत व 7 गंभीर

Related to this topic: