औरंगाबाद: दोस्त के जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एनएच-120 पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी।
औरंगाबाद {बिहार}: दोस्त के जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एनएच-120 पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में सरेया गांव निवासी 18 वर्षीय अभिनव सिंह की मौत हो गई, जबकि रोहतास के खेलड़िया गांव निवासी 16 वर्षीय कार्तिक उर्फ छोटू गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
बर्थडे पार्टी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कार्तिक अपने मामा के घर अकौना आया हुआ था। दोनों युवक दोस्त का जन्मदिन मनाकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दाउदनगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण कि बाइक के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल दोनों को गोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में अभिनव सिंह ने दम तोड़ दिया। गया पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कार्तिक की हालत नाजुक
दूसरे घायल कार्तिक उर्फ छोटू का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर है। अभिनव की मौत की खबर जैसे ही सरेया गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बेसुध हो गई, जबकि पिता और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। गांव में हर आंख नम दिखाई दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
गोह थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि हादसे में शामिल स्कॉर्पियो और बाइक को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
खुशियों से मातम तक का सफर
दोस्त का जन्मदिन मनाकर सकुशल घर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन एक पल की कथित लापरवाही ने एक परिवार से उसका जवान बेटा छीन लिया, जबकि दूसरा परिवार अपने बेटे की सलामती की दुआ कर रहा है। यह हादसा दोनों परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया।
यह भी पढ़े: राम मंदिर चंदा-चढ़ावा मामले पर कांग्रेस का हमला, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग