सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र स्थित कमेला कॉलोनी में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बारात से लौट रहे लोगों पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया।
सहारनपुर {उत्तर प्रदेश}: सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र स्थित कमेला कॉलोनी में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बारात से लौट रहे लोगों पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। घटना में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिलाया। मामले को लेकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नशा करने से मना करने पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, कमेला कॉलोनी निवासी कुछ लोग शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें कुछ युवक खुलेआम नशा करते दिखाई दिए। बारात में महिलाओं और बच्चों की मौजूदगी को देखते हुए लोगों ने युवकों से सार्वजनिक स्थान पर नशा न करने और वहां से हटने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
लाठी-डंडों से हमला, कई वाहन क्षतिग्रस्त
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने बारात में शामिल कई कारों के शीशे भी तोड़ दिए तथा बारातियों के साथ जमकर मारपीट की। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायल पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
घायल पक्ष का आरोप है कि फज्जू, उसके भाई और उनके कुछ साथी लंबे समय से क्षेत्र में अवैध स्मैक तस्करी का कारोबार कर रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी शिकायतें की जा चुकी हैं और कुछ लोग पहले भी जेल जा चुके हैं।
मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
यह भी पढ़े: पुलिया से रास्ता बंद, ग्रामीणों का हाईवे जाम