प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

प्रेम प्रसंग में खूनी साजिश

शादी रुकवाने के लिए दूल्हे के पिता को मारी गोली, सुपारी किलर गिरफ्तार

सुपारी लेकर दूल्हे के पिता को गोली मारने के मामले में कुटुंबा पुलिस ने एक शूटर को पटना के मनेर से गिरफ्तार किया है। शूटर की पहचान लक्ष्मणपुर गांव निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है।

शादी रुकवाने के लिए दूल्हे के पिता को मारी गोली सुपारी किलर गिरफ्तार

Shooter Arrested in Bride’s Lover-Contract Shooting Case |

औरंगाबाद (बिहार)। सुपारी लेकर दूल्हे के पिता को गोली मारने के मामले में कुटुंबा पुलिस ने एक शूटर को पटना के मनेर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शूटर की पहचान पटना जिले के लक्ष्मणपुर गांव निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है। फ़िलहाल आरोपी अमहारा थाना क्षेत्र के चकमुंज्जे स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। हालांकि इस सनसनीखेज मामले का मुख्य आरोपी दुल्हन का कथित प्रेमी दिलीप कुमार और उसका सहयोगी दिनेश उर्फ जट्टा अब भी फरार है।

शादी रुकवाने के लिए रची गई साजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि नगर बिहटा गांव निवासी दिलीप कुमार ने शादी रुकवाने की साजिश रची थी। उसने शूटरों को डेढ़ लाख रुपए की सुपारी दी थी। अपराधियों को यह निर्देश दिया था कि शादी से पहले दूल्हे या उसके पिता की हत्या कर दी जाए ताकि शादी रुक जाए। इसके एवज में 50 हजार रुपए एडवांस भी दिए गए थे। वारदात को अंजाम देने के लिए तीन अपराधी कार से कुटुंबा थाना क्षेत्र के चिंतावन बिगहा पहुंचे थे। पहचान छिपाने के लिए अपराधियों ने कार के नंबर प्लेट पर मिट्टी का लेप लगा दिया था।

10 दिन पहले से कर रहे थे रेकी, बारात के दिन स्कूटी में मारी टक्कर

जांच में यह भी सामने आया कि अपराधी शादी से करीब 10 दिन पहले से ही गांव में रेकी कर रहे थे। 17 अप्रैल को पहली बार गांव पहुंचे थे, लेकिन दूल्हा नहीं मिलने पर पटना तक उसकी तलाश में गए। ग्रामीणों के अनुसार तिलक समारोह से तीन दिन पहले दिलीप कुमार कुर्ता-पायजामा पहनकर चार-पांच लोगों के साथ गांव आया था। 27 अप्रैल को बारात निकलने के दिन अपराधियों ने योजना के तहत हमला किया। दूल्हे के पिता सुनील पांडेय उर्फ अरुण पांडेय बाजार से सामान लेकर स्कूटी से लौट रहे थे। तभी रसोइया गांव के पास अपराधियों ने उनकी स्कूटी में कार से जोरदार टक्कर मार दी।

सिर को निशाना बनाकर मारी गोली

इसके बाद उन पर गोली चला दी। गोली सिर को निशाना बनाकर चलाई गई थी, लेकिन वह बाईं आंख के नीचे जाकर लगी। गंभीर रूप से घायल सुनील को पहले कुटुंबा रेफरल अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर किया गया था। कांड की गंभीरता पर पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच तेज की।

मुख्य आरोपी अभी भी फरार, जांच जारी

इससे पहले गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र ने पूछताछ में पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया था। उसने बताया था कि तिलकोत्सव में मोबाइल से दूल्हे और उसके पिता की तस्वीर ले रहा था। ताकि शूटर आसानी से पहचान कर सकें। थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि गोली मारकर हत्या के प्रयास में एक शूटर को गिरफ्तार किया गया है। कांड के फरार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें: सूरजपुर में मवेशी तस्करी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 5 भैंसें, पिकअप और कार जब्त

Related to this topic: