मानपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करने पहुंची आबकारी टीम से मारपीट, सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़
श्योपुर MP: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में अवैध शराब माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब सरकारी टीमों पर खुलेआम हमला किया जा रहा है। मानपुर थाना क्षेत्र के पिपलमेटा गांव में कार्रवाई करने पहुंची आबकारी टीम को दबंगों ने घेर लिया, गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्द कहे और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ कर जान से मारने की धमकी दे डाली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
अवैध शराब पकड़ने पहुंची थी टीम
जानकारी के मुताबिक आबकारी उप निरीक्षक संजीव कुमार धुर्वे अपनी टीम के साथ अवैध शराब पकड़ने के लिए पिपलमेटा गांव पहुंचे थे। तभी गांव के कुछ दबंग मौके पर आ धमके और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।
दबंगों ने किया हंगामा
आरोप है कि दबंगों ने टीम को घेरकर अभद्रता की और सरकारी काम में बाधा डाली। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी की गई। इतना ही नहीं आरोपियों ने आबकारी विभाग की गाड़ी पर हमला कर उसमें तोड़फोड़ भी कर दी। टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी गई। सरकारी अमले पर इस तरह के हमले ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चार आरोपियों पर मामला दर्ज
घटना के बाद मानपुर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: भारत-इटली संबंधों को नई दिशा