सिकंदराराऊ में PNB के बाहर महिला से टप्पेबाजी, बैग की चेन खोलकर 14 हजार रुपये उड़ाए। CCTV में दो संदिग्ध महिलाएं कैद, पुलिस पहचान और तलाश में जुटी।
सिकंदराराऊ (उत्तर प्रदेश)। कस्बे की जीटी रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर मंगलवार दोपहर टप्पेबाज महिलाओं ने एक महिला को अपना निशाना बना लिया। बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रही महिला के बैग की चैन खोलकर अज्ञात महिलाओं ने 14 हजार रुपये पार कर दिए। घटना के बाद पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। वहीं, टप्पेबाजी की पूरी घटना बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पीछा कर रही दो महिलाओं ने बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार हसायन थाना क्षेत्र के शीतलवाड़ा गांव निवासी सावित्री मंगलवार दोपहर सिकंदराराऊ स्थित पंजाब नेशनल बैंक से रुपये निकालने आई थीं। बैंक से करीब 14 हजार रुपये निकालने के बाद वह रुपयों को अपने बैग में रखकर घर जाने के लिए बैंक से बाहर निकलीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठी दो अज्ञात महिलाओं ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि बैंक के बाहर मौका पाकर दोनों महिलाओं ने सावित्री के बैग की चैन खोल ली और उसमें रखे करीब 14 हजार रुपये निकाल लिए। कुछ देर बाद जब महिला को अपने रुपये गायब होने की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। पीड़िता ने आसपास लोगों से जानकारी करने के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बैंक तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं घटना को अंजाम देती हुई दिखाई दे रही हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों महिलाओं की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
घटना के बाद बैंक के बाहर और आसपास के दुकानदारों में भी टप्पेबाजी को लेकर चिंता दिखाई दी। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और बैंक से रुपये निकालते समय अपने सामान व नकदी की विशेष निगरानी रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: बांदा में 9 लाख के जेवर चोरी का खुलासा, भाभी के गहने चुराने वाला देवर गिरफ्तार