सिंगरौली के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई करोड़ों की डकैती के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के एक आरोपी को पटना से गिरफ्तार किया है।
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। बैढ़न शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई करोड़ों की सनसनीखेज डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस अंतरराज्यीय डकैती गिरोह के एक आरोपी को पुलिस ने बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के बाद सिंगरौली पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर वापस सिंगरौली लौट रही है।
17 अप्रैल को हुई थी 15 करोड़ से अधिक की लूट
उल्लेखनीय है कि 17 अप्रैल को हथियारों से लैस होकर आए पांच बदमाशों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र में धावा बोला था। लुटेरों ने बैंक कर्मियों और वहां मौजूद ग्राहकों को बंधक बनाकर 20 लाख रुपये नकद तथा 15 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना लूट लिया था और मौके से फरार हो गए थे। इस बड़ी वारदात के बाद से ही पुलिस की कई टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं।
संदेहियों से पूछताछ के बाद हत्थे चढ़ा मुख्य आरोपी
घटना के बाद से ही पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपियों तक पुलिस नहीं पहुंच पा रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब पटना से पकड़ा गया आरोपी डकैती की इस पूरी घटना में शामिल पांच सदस्यीय गिरोह का ही एक सक्रिय सदस्य है।
यह भी पढ़ें: चंदौली में वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार, धानापुर पुलिस ने घर से दबोचा