सिंगरौली के CHC निवास का एक कथित वायरल वीडियो सामने आया है, जिसमें एक सफाई कर्मी मरीजों को इंजेक्शन लगाता दिखाई दे रहा है, जिसके बाद स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं।
Singrauli CHC Video Raises Questions as Sanitation Worker Seen Administering Injections |
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। जिला स्वास्थ्य विभाग की एक और गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) निवास का एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक सफाई कर्मी बेधड़क महिला और पुरुष मरीजों को सुई (इंजेक्शन) लगाता हुआ नजर आ रहा है।
मरीजों को सुई लगाते सफाई कर्मी का वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स अस्पताल का सफाई कर्मी रामलखन साकेत है। वह बिना किसी मेडिकल प्रशिक्षण या योग्यता के सीधे मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और अस्पताल प्रबंधन समेत डॉक्टर केशव सिंह की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि डॉक्टर केशव सिंह की शह और घोर लापरवाही के कारण ही अस्पताल में व्यवस्थाएं पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी हैं। डॉक्टर ड्यूटी पर मुस्तैद रहने के बजाय स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी अप्रशिक्षित सफाई कर्मी के भरोसे छोड़ देते हैं। मरीजों का कहना है कि जरा सी चूक किसी की जान पर भारी पड़ सकती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं।
पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी घटना
सिंगरौली जिले के स्वास्थ्य महकमे में लापरवाही का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले जिला अस्पताल में एक सुरक्षा गार्ड (सिक्योरिटी गार्ड) द्वारा मरीज का सैंपल लेने का मामला सामने आया था। उस घटना से सबक लेने के बजाय निवास स्वास्थ्य केंद्र में सामने आई इस नई तस्वीर ने यह साफ कर दिया है कि जिले में स्वास्थ्य सेवाएं भगवान भरोसे चल रही हैं। फिलहाल वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जिला प्रशासन और वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों से दोषी कर्मचारियों व जिम्मेदार डॉक्टर पर सख्त से सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका