सिंगरौली के जयंत स्थित कंचन ज्वैलर्स में हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है।
Singrauli: Jewelry showroom dacoity solved in 6 hours, inter-state gang arrested |
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। सिंगरौली जिले के जयंत स्थित शहर मार्केट में कंचन ज्वैलर्स में हुई डकैती का खुलासा करते हुए पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस त्वरित और सटीक कार्रवाई में पुलिस ने घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, हथियार और वाहन जब्त किए हैं।
दुकान में घुसकर बदमाशों ने की मारपीट और छीने मोबाइल
शिकायतकर्ता अखिलेश कुमार वर्मा (48 वर्ष) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि शाम करीब 6:45 बजे वे अपनी दुकान कंचन ज्वैलर्स में मौजूद थे। उसी दौरान 6 अज्ञात नकाबपोश बदमाश हाथों में पिस्तौल और कट्टा लहराते हुए दुकान में घुसे। बदमाशों ने अखिलेश और उनके कर्मचारियों को डराते-धमकाते हुए सभी के मोबाइल फोन छीन लिए। विरोध करने पर एक बदमाश ने पिस्तौल की बट से अखिलेश कुमार के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
फायरिंग कर आभूषण और नकदी लूटकर हुए फरार
इसी बीच, स्टॉफ राहुल कुमार विश्वकर्मा ने जब एक बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया, तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उस पर गोली चला दी, जो राहुल के हाथ की हथेली में जा लगी। दुकान में दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने 3-4 राउंड हवाई फायरिंग की और काउंटर में रखे लगभग 300 ग्राम सोने के आभूषण, 235 ग्राम चांदी के जेवरात तथा 2,60,000 की नकदी लूटकर दो अलग-अलग बाइकों से फरार हो गए।
पुलिस ने सीमावर्ती जिलों को किया अलर्ट और खंगाले सीसीटीवी
घटना की सूचना मिलते ही सिंगरौली पुलिस तुरंत हरकत में आई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ व झारखंड के सीमावर्ती जिलों की पुलिस को अलर्ट किया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और फॉरेंसिक तथा फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मदद से साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस की घेराबंदी और आरोपियों की गिरफ्तारी
मुखबिर से सूचना मिली कि 3 संदिग्ध मोटरसाइकिलों पर सवार 6 बदमाश भागने की फिराक में हैं। पुलिस की एक टीम ने आरोपियों का पीछा कर अनपरा-अम्बारा रोड के पास घेराबंदी की। हड़बड़ाहट में एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे उस पर सवार दो बदमाश घायल हो गए और पकड़े गए। वहीं, अनपरा पुलिस ने भी घेराबंदी कर एक अन्य आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों से जेवरात, नकदी और हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपी लकी कुमार पासवान, अनुरंजन कुमार चंद्रवंशी, रोशन कुमार, है उनके पास से सोने के जेवरात: 230.7 ग्राम, चांदी के जेवरात: 235.410 ग्राम, नकद राशि: 1,04,200/- जप्त किया गया है। डकैती में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिलें, 1 पिस्तौल एवं 2 कट्टा बरामद कर लिया है।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद पुलिस के अभियान में हत्या के प्रयास और शराब तस्कर समेत 41 गिरफ्तार, सोना-चांदी और कोयला बरामद