मध्य प्रदेश के सिंगरौली में मालवाहक वाहनों से यात्री परिवहन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई की है।
सिंगरौली | मध्य प्रदेश के सिंगरौली में मालवाहक वाहनों से यात्री परिवहन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई की है। जिला कलेक्टर गौरव बेनल के निर्देश और जिला परिवहन अधिकारी के मार्गदर्शन में विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। 'ऑपरेशन जनजागरूकता' के तहत सुलियरी माइंस–अडानी–गजरा बहरा मार्ग पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान मालवाहक पिकअप वाहनों में असुरक्षित तरीके से यात्रियों को बैठाए जाने का मामला सामने आया। विभाग ने नियम विरुद्ध यात्री परिवहन कर रहे 4 मालवाहक पिकअप वाहनों को जब्त कर मोरवा थाना परिसर में खड़ा कराया।
मालवाहक वाहनों में यात्री बैठाने पर सख्ती
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि मालवाहक वाहनों का इस्तेमाल यात्रियों को ले जाने के लिए करना सड़क सुरक्षा के लिहाज से गंभीर उल्लंघन है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी। जांच अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों से कुल 3,75,500 रुपये का राजस्व जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान वाहन क्रमांक CG15ED8055 में परमिट संबंधी खामियां मिलने पर मौके पर ही ई-डिटेन किया गया और ऑनलाइन रसीद जारी की गई। इसके अलावा खुले में कोयला, फ्लाई ऐश, मिट्टी और गिट्टी ढोने वाले वाहनों के साथ-साथ बिना वैध लाइसेंस, बिना रॉयल्टी और बिल्टी तथा जर्जर बॉडी या खराब टायर के साथ चल रहे व्यावसायिक वाहनों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
वाहनों और आवारा पशुओं पर लगाए जा रहे रेडियम रिफ्लेक्टर
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए RTO चेक पॉइंट सिंगरौली की ओर से वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा समाजसेवियों के सहयोग से सड़क पर घूमने वाले आवारा पशुओं की सींगों और गर्दन पर भी रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य रात के अंधेरे और कोहरे के दौरान पशुओं को वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से दिखाई देना है, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।
नियमों का पालन करने की अपील
परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों और चालकों को निर्धारित क्षमता, वैध परमिट और जरूरी दस्तावेजों के साथ ही वाहन चलाने की चेतावनी दी है। विभाग ने कहा कि नशे में ड्राइविंग और ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर में नाबालिग से यौन शोषण के आरोप में युवक की पिटाई, तीन हिरासत में; VIDEO वायरल