प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बारिश के बाद जर्जर सड़क बनी मुसीबत

मुंगेर में सड़क धंसने से बना 6 फीट गहरा गड्ढा, हादसे का बढ़ा खतरा

मुंगेर के तोपखाना बाजार में बारिश के बाद सड़क धंसने से बड़ा गड्ढा बन गया, जिससे स्थानीय लोगों ने तत्काल मरम्मत और सुरक्षित आवागमन की मांग की है।

मुंगेर में सड़क धंसने से बना 6 फीट गहरा गड्ढा हादसे का बढ़ा खतरा

Six-Foot Sinkhole Appears on Munger Road After Rain, Raising Accident Concerns |

मुंगेर,(बिहार)। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-12 स्थित तोपखाना बाजार की मुख्य सड़क पर सीवरेज कार्य के बाद गड्ढों की सही ढंग से भराई नहीं होने का खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। निमतल्ला से गोयनका तक जाने वाली सड़क कई जगहों पर जर्जर हो चुकी है। शनिवार शाम हुई बारिश के बाद जिला स्कूल के पिछले हिस्से में सड़क धंस गई और बीच सड़क पर करीब 6 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया। इससे इलाके में किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

सड़क शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक

यह सड़क शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। इसी मार्ग पर जामा मस्जिद, जिला स्कूल, निजी अस्पताल, बिहार बोर्ड कार्यालय और शिवालय स्थित हैं। दिनभर इस सड़क से हजारों लोगों का आना-जाना होता है। गड्ढा बनने के बाद स्थानीय लोगों ने दुर्घटना से बचाव के लिए ईंट-पत्थर लगाकर रास्ते को अस्थायी रूप से बंद कर दिया, ताकि कोई चारपहिया वाहन उस ओर से नहीं गुजर सके। स्थानीय निवासी विशाल विजय ने बताया कि यह शहर के बीचों-बीच की प्रमुख सड़क है। यदि कोई भारी वाहन या चारपहिया वाहन इस रास्ते से गुजरता है तो सड़क और धंस सकती है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि आसपास निजी अस्पताल होने के कारण एंबुलेंस के आवागमन में भी अब परेशानी होगी।

शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं

स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड संख्या-12 के लोगों ने सड़क की मरम्मत को लेकर नगर निगम में कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि जब-जब बारिश होती है, सड़क पर नए-नए गड्ढे बन जाते हैं। लोगों के अनुसार, सीवरेज लाइन बिछाने के दौरान खुदाई के बाद सड़क की वैज्ञानिक तरीके से भराई और गुणवत्ता के अनुरूप मरम्मत नहीं की गई। यही कारण है कि बारिश होते ही सड़क धंसने लगी है।

लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण

क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने, गड्ढे को सुरक्षित तरीके से भरने और पूरे मार्ग का स्थायी पुनर्निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। इस मामले में नगर निगम की मेयर कुमकुम देवी ने कहा कि आपके माध्यम से सड़क धंसने और बड़े गड्ढे की जानकारी मिली है। मामले को तत्काल संज्ञान में लिया गया है। गड्ढे को तुरंत भरवाकर आवागमन सामान्य करवा दिया जाऐगा।  उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा नगर निगम के लिए सबसे महत्वपूर्ण है।

यह भी पढ़ेंः ईरान का दावा- कुवैत में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन से किया हमला, बढ़ा क्षेत्रीय तनाव

Related to this topic: