बेतिया जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्र सिद्धू खान का कंकाल आठ दिन बाद बरामद हुआ है। वह राजकीय मध्य विद्यालय, मठिया में छठी कक्षा का छात्र था और 12 अक्टूबर को स्कूल से लापता हो गया था।
बेतिया: रामनगर में 13 वर्षीय छात्र का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। स्कूल से लापता हुए छात्र की आठ दिन बाद इस हालत में बरामदगी से परिवार में मातम पसरा है। मामला रामनगर थाना क्षेत्र के मेघवल मठिया वार्ड नंबर-5 का है। मृतक की पहचान मो. अमानुल्लाह खान के पुत्र सिद्धू खान के रूप में हुई है। वह राजकीय मध्य विद्यालय, मठिया में छठी कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार, 12 अक्टूबर को स्कूल में छुट्टी के समय करीब साढ़े तीन बजे सिद्धू अपनी किताब-कॉपी रखकर अचानक लापता हो गया था।
आठ दिन बाद युवक का कंकाल बरामद
उन्होंने बताया कि काफी खोजबीन के बाद पिता ने रामनगर थाने में लिखित आवेदन देकर पुलिस से बेटे की तलाश की गुहार लगाई थी। आठ दिन बाद उसका कंकाल बरामद हुआ। कपड़ों के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम की कार्रवाई की जा रही है। रामनगर के एसडीपीओ सतेंद्र राम ने कहा कि मामले में संलिप्त लोगों को हर हाल में पकड़ा जाएगा और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मौत की वजह और घटना के पीछे की सच्चाई का पता लगाने में जुटी है।
ये भी पढ़ें- सिंगरौली में किराना की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर हुआ राख