प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

पारिवारिक विवाद में पिता की मौत

डिंडोरी में कलयुगी बेटे ने पिता की हत्या की, धारदार हथियार से किया हमला

डिंडोरी के धमनी गांव में पारिवारिक विवाद के बाद बेटे पर अपने 60 वर्षीय पिता की हत्या का आरोप लगा है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

डिंडोरी में कलयुगी बेटे ने पिता की हत्या की धारदार हथियार से किया हमला

Son Allegedly Kills Father With Sharp Weapon in Dindori, Madhya Pradesh |

डिंडोरी,(मध्य प्रदेश)। जिले के मेहदवानी थाना क्षेत्र के ग्राम धमनी से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मामूली पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि एक बेटे ने अपने ही पिता की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।

बेटे ने ली पिता की जान 

जिस पिता ने बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी बेटे ने गुस्से में आकर उसकी जान ले ली। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 60 वर्षीय गंधी सिंह तेकाम के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोपी उनका 40 वर्षीय पुत्र भगत सिंह तेकाम है।

परिवार में किसी बात को लेकर हुई कहासुनी

ग्रामीणों के मुताबिक, परिवार में किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। विवाद बढ़ने पर गंधी सिंह तेकाम ने अपने बेटे को शांत रहने और गुस्सा न करने की समझाइश दी, लेकिन आरोपी अपना आपा खो बैठा। गुस्से में उसने धारदार हथियार उठाकर अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण गंधी सिंह तेकाम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही मेहदवानी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

 मामले की हर पहलू से जांच जारी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पिता-पुत्र के बीच आखिर ऐसा कौन-सा विवाद हुआ, जिसने कुछ ही पलों में इतनी भयावह घटना का रूप ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों, पड़ोसियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूंछताछ की जा रही हैं, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

समाज में तेजी से बदलते पारिवारिक रिश्ते

यह घटना केवल एक हत्या नहीं, बल्कि समाज में तेजी से बदलते पारिवारिक रिश्तों और बढ़ते आक्रोश की भी गंभीर तस्वीर पेश करती है। छोटी-छोटी बातों पर धैर्य खो देना और हिंसा का रास्ता चुनना कई परिवारों को तबाही की ओर धकेल रहा है। यदि समय रहते विवाद को बातचीत और समझदारी से सुलझाने की कोशिश की जाए, तो ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सकता है। फिलहाल गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं और किसी को विश्वास नहीं हो रहा कि एक बेटा अपने ही पिता की हत्या जैसा जघन्य अपराध कर सकता है।  

यह भी पढ़ेंः मुरैना में युवती और भाई से मारपीट का आरोप, चार युवकों पर मामला दर्ज

Related to this topic: