प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

24 घंटे में होगा गन्ना मूल्य भुगतान

2027 के चुनाव में सपा सरकार बनने पर 24 घंटे में होगा गन्ना मूल्य भुगतान, अखिलेश यादव का ऐलान

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से पश्चिमी यूपी के किसानों और खापों के चौधरियों ने मुलाकात की, जहां उन्होंने 2027 में सरकार बनने पर 24 घंटे में गन्ना भुगतान का वादा किया।

2027 के चुनाव में सपा सरकार बनने पर 24 घंटे में होगा गन्ना मूल्य भुगतान अखिलेश यादव का ऐलान

SP will clear sugarcane dues within 24 hours in 2027: Akhilesh Yadav |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आज समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों और कई खापों के चौधरियों ने भेंट की। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी एवं प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल भी मौजूद रहे। इस मुलाकात के दौरान किसानों के मुद्दों और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें किसानों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति अपना समर्थन दोहराया।

भाजपा सरकार पर किसानों को धोखा देने का आरोप

अखिलेश यादव ने किसानों से बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों की अपनी पार्टी है और 2027 का विधानसभा चुनाव किसानों के लिए बहुत महत्वपूर्ण एवं उनके भविष्य का चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में किसानों को पूरी तरह धोखा दिया है तथा इस शासनकाल में कभी समय पर खाद-बीज नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि कमीशनखोरी और मुनाफाखोरी चरम पर है, जरूरत के समय खाद गायब हो जाती है और मांगने पर सरकार लाठियां बरसाती है, जिससे किसानों की दुर्दशा हो गई है और बिचौलिये हावी हो चुके हैं।

सपा सरकार बनने पर किसानों को मिलेंगी विशेष सुविधाएं

अखिलेश यादव ने घोषणा की कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान 24 घंटे के भीतर किया जाएगा और भरपूर बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद, बीज, पानी और सिंचाई की समुचित व्यवस्था होगी ताकि किसानों को भटकना न पड़े, साथ ही फसलों का लाभकारी मूल्य दिया जाएगा, मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी और इथेनॉल का सीधा लाभ किसानों तक पहुंचाया जाएगा।

किसानों ने जताया भरोसा और खाप चौधरियों की रही मौजूदगी

मुलाकात के दौरान किसानों ने कहा कि उन्हें अखिलेश यादव पर पूरा भरोसा है क्योंकि वह कृषक परिवारों की परेशानियों से अच्छी तरह परिचित हैं और अपने मुख्यमंत्रित्वकाल में उन्होंने खेती का बजट बढ़ाने के साथ तमाम सुविधाएं दी थीं। इस अवसर पर बुढ़ाना मुजफ्फरनगर के चौधरी विरेन्द्र प्रधान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को हल भेंट किया तथा बागपत के किसानों ने हुक्का के साथ भेंट की, और सभी खाप प्रतिनिधियों ने 2027 के चुनाव में सपा को बहुमत दिलाकर उन्हें मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।

यह भी पढ़ें:   उत्तर प्रदेश में केयर इकोनॉमी से खुलेंगे रोजगार के अवसर, 12 विभाग मिलकर तैयार करेंगे रोड मैप

Related to this topic: