मैहर के हरदुआ मोड़ पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सतना (मध्य प्रदेश)। नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदुआ मोड़ के पास रविवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। पन्ना की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसा अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें
जानकारी के अनुसार, नौनिया गांव निवासी राजललन पटेल (48 वर्ष) रविवार रात करीब दस बजे अपनी मोटरसाइकिल से बाड़क (नागौद) से वापस अपने गांव लौट रहे थे। वे जैसे ही हरदुआ मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने (पन्ना की ओर) से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को सामने से सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजललन पटेल सड़क पर दूर जा गिरे। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
तुरंत आपातकालीन सेवा 'डायल-112' को दी सूचना
घटना के वक्त वहां से गुजर रहे राहगीरों ने जब लहूलुहान हालत में बाइक सवार को देखा, तो तुरंत आपातकालीन सेवा 'डायल-112' को सूचना दी। सूचना मिलते ही नागौद थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए शव को कब्जे में लिया और नागौद सिविल अस्पताल की मर्चरी में रखवाया।
आरोपी चालक की तलाश जारी
पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है, जिससे परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चश्मदीदों से जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपी वाहन चालक को ढूंढ निकाला जाएगा।
यह भी पढ़ेंः बैतूल में धर्मांतरण के आरोप में दो गिरफ्तार, एक आरोपी फरार