गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जहां तेज रफ्तार जेसीबी की चपेट में आने से एक स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़)। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जहां तेज रफ्तार जेसीबी की चपेट में आने से एक स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बेकाबू जेसीबी चालक की लापरवाही ने ली जान
जानकारी के अनुसार, घटना की जांच के दौरान गवाहों के बयान और सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया। जांच में पाया गया कि मृतक जय प्रकाश बंजारे अपनी स्कूटी से जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक अज्ञात जेसीबी के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
बिलासपुर का रहने वाला था मृतक युवक
हादसे में गंभीर रूप से घायल जय प्रकाश बंजारे को डायल-112 की मदद से तत्काल जिला अस्पताल गौरेला पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय जय प्रकाश बंजारे निवासी देवरीखुर्द, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह बांधामुड़ा के पास से अपनी स्कूटी से गुजर रहे थे, तभी अनियंत्रित जेसीबी ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी।
पुलिस ने दर्ज किया केस, फरार जेसीबी चालक की तलाश तेज
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात जेसीबी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी चालक और वाहन की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है। वायरल हो रहे सीसीटीवी वीडियो में हादसे की भयावह तस्वीर साफ दिखाई दे रही है, जिसने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के प्रति लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: बहन की हत्या कर लाश छुपाने वाला फरार भाई गिरफ्तार, एक साल बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे