मैहर में नेशनल हाईवे-30 पर लालपुर के पास तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में लदे टमाटर की क्रेटें सड़क पर बिखर गईं और हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मैहर: नेशनल हाईवे 30 पर अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लालपुर स्थित मैहर ढाबे के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप में लोड टमाटर के कैरेट हाईवे पर बिखर गए। दर्दनाक हादसे के बाद जहां चालक गंभीर रूप से घायल होकर तड़पता रहा। वहीं मौके पर मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों और राहगीरों के बीच सड़क पर बिखरे टमाटरों को लूटने की होड़ मच गई।
हाईवे पर पलटी तेज रफ्तार पिकअप
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन जबलपुर से टमाटर भरकर रीवा की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन अमरपाटन थाना क्षेत्र के लालपुर मैहर ढाबे के समीप पहुंचा, तभी तेज रफ्तार होने के कारण चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया। अनियंत्रित होकर पिकअप हाईवे के बीचों-बीच जोर से पलट गई। दुर्घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक को गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर दूर-दूर तक टमाटर की क्रेटें और टमाटर बिखर गए। दर्द से कराह रहे घायल चालक की मदद करने के बजाय कई लोग अपनी गाड़ियों और हाथों में टमाटर भरकर भागते नज़र आए। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की सूचना पर तत्काल पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने घायल चालक को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 और हाईवे पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची। डायल 112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गंभीर रूप से घायल पिकअप चालक को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। इसके बाद हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने सड़क पर बिखरे टमाटरों और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- बिहार के खजाने को लेकर मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का दावा, 2028 तक सरप्लस होने की कही बात