प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

मैहर में तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, बुजुर्ग की मौत; चार घायल

मैहर के मुकुंदपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ऑटो सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।

मैहर में तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर बुजुर्ग की मौत चार घायल

Speeding Truck Hits Auto in Maihar, Elderly Man Dies and Four Injured |

मैहर,(मध्य प्रदेश)। जिले के मुकुंदपुर चौकी क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनके भाई सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बेला-गोविंदगढ़ मार्ग पर लालजी बांध के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार

टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान धीरज प्रसाद मिश्रा (65) निवासी ग्राम ककलपुर, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना के रूप में हुई है। वे ग्राम तिघरा में एक परिचित के यहां आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।

हादसे से मौके पर चीख-पुकार

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपने भाई और अन्य लोगों के साथ ऑटो से वापस घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है, कि शनिवार शाम करीब पांच बजे बेला-गोविंदगढ़ मार्ग स्थित लालजी बांध के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण सहायता के लिए दौड़ पड़े।

एक की मौत चार अन्य लोग घायल

दुर्घटना में धीरज प्रसाद मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके भाई राघवेंद्र मिश्रा सहित चार अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मुकुंदपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई पूरी

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और मृतक के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार ट्रक की तलाश कर रही है।

मृतक के परिवार में मातम

इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों ने बेला-गोविंदगढ़ मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है। 

यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन, 24 घंटे में 54 गिरफ्तार; 255 लीटर शराब जब्त

Related to this topic: