प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

तीन श्रीलंकाई नागरिकों समेत चार हिरासत में

बहराइच में SSB की बड़ी कार्रवाई, तीन श्रीलंकाई नागरिकों समेत चार लोग पकड़े गए

बहराइच में भारत-नेपाल सीमा के पास एसएसबी ने तीन श्रीलंकाई नागरिकों और तमिलनाडु की एक महिला को पकड़ा है।

बहराइच में ssb की बड़ी कार्रवाई तीन श्रीलंकाई नागरिकों समेत चार लोग पकड़े गए

गिरफ्तार आरोपी |

बहराइच (उत्तर प्रदेश)। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने चार लोगों को पकड़ा है। इनमें तीन श्रीलंकाई नागरिक और तमिलनाडु की एक महिला शामिल है। प्रारंभिक जांच में तीनों श्रीलंकाई नागरिकों के वीजा की अवधि करीब तीन महीने पहले समाप्त होने की जानकारी सामने आई है।

चारों लोग बुधवार देर रात रुपनवा चेकपोस्ट के पास पकड़ाए

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों लोग बुधवार देर रात रुपनवा चेकपोस्ट के पास जंगल के रास्ते नेपाल जाने की कोशिश कर रहे थे। वे ऑटो से सीमा क्षेत्र तक पहुंचे थे और नेपाल जाने का रास्ता पूछ रहे थे। भाषा समझने में परेशानी होने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने एसएसबी को सूचना दी।

तीनों श्रीलंकाई नागरिकों के वीजा की अवधि समाप्त

सूचना मिलने पर एसएसबी जवानों ने चारों को पकड़कर पूछताछ की। जांच के दौरान तीन श्रीलंकाई नागरिकों के वीजा की अवधि समाप्त होने की बात सामने आई। पकड़े गए श्रीलंकाई नागरिकों की पहचान श्रीलंका के जाफना निवासी अजीत कुमार (39), कौशल्या (38) और प्रभाप (38) के रूप में बताई गई है। इनके साथ तमिलनाडु निवासी धर्म सुधाकर (35) नाम की महिला भी मौजूद थी।

जांच के आधार पर होगी आगे की कानूनी कार्रवाई

एसएसबी ने चारों को आगे की कार्रवाई के लिए मुर्तिहा कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। कोतवाल यतींद्र कुमार सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में वीजा की अवधि समाप्त होने की जानकारी मिली है। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी के अनुसार, चारों से पूछताछ की जा रही है। इमिग्रेशन विभाग की मदद से उनके दस्तावेजों और भारत में रहने से संबंधित जानकारी की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति होगी स्पष्ट

सीमावर्ती क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद संबंधित एजेंसियां मामले की छानबीन में जुटी हैं। हालांकि, चारों के नेपाल जाने के उद्देश्य और वीजा की अवधि समाप्त होने के कारणों को लेकर जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस पर राज बब्बर का बयान, बोले- महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई

Related to this topic: