प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पन्ना में कुत्तों का आतंक

पन्ना में आवारा कुत्तों का आतंक, बुजुर्ग समेत एक दर्जन से अधिक लोगों पर हमला

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में आवारा कुत्तों के हमलों से दहशत फैल गई है। महज दो घंटे में एक दर्जन से अधिक घायल जिला अस्पताल पहुंचे।

पन्ना में आवारा कुत्तों का आतंक बुजुर्ग समेत एक दर्जन से अधिक लोगों पर हमला

Stray Dog Attacks Terrorise Panna |

पन्ना (मध्य प्रदेश)। जिले के शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि आम नागरिकों का घर से निकलना भी दूभर हो गया है। आज जिला चिकित्सालय में महज दो घंटे के भीतर विभिन्न घटनाओं में घायल हुए एक दर्जन से अधिक लोग इलाज के लिए पहुंचे, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इन बढ़ते मामलों ने स्थानीय प्रशासन और पालकों की नींद उड़ा दी है।

विभिन्न घटनाओं में कई लोग गंभीर रूप से जख्मी

घटित हुई इन वीभत्स घटनाओं में कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। बरेडा गांव के 76 वर्षीय बुजुर्ग किसान ठाकुरदीन मिश्रा जब अपने घर के बाहर धूप में बैठे थे, तब एक उग्र कुत्ते ने उन पर अचानक हमला कर उनके सीधे हाथ का अंगूठा काटकर अलग कर दिया। इसी प्रकार बृजपुर निवासी 11 वर्षीय रेशमा कोरी और कलदा गांव में शौच के लिए जा रही 11 वर्षीय रागनी वर्मा व उनकी बहन प्रियांशु वर्मा को भी आवारा कुत्तों ने अपना निशाना बनाया। इतना ही नहीं, बड़गड़ी गांव के 14 वर्षीय आर्यन चौकीदार, उनकी दादी सुचित्रा चौकीदार और दादा सुजीत चौकीदार पर भी कुत्ते ने ताबड़तोड़ हमले कर बुरी तरह घायल कर दिया।

महज दो घंटे में 10 से 12 मरीज अस्पताल पहुंचे

इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. राहुल यादव ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान महज दो घंटे में 10 से 12 मरीज पहुंचे, जिनमें से दो-तीन की हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के साथ गंभीर मरीजों के माइनर ऑपरेशन किए हैं। आवारा कुत्तों की आक्रामक प्रवृत्ति और अज्ञात स्थिति के कारण रेबीज के खतरे की आशंका बनी हुई है, जिससे चिकित्सकों ने परिजनों को पूरी सावधानी बरतने की सख्त सलाह दी है। इस लगातार बढ़ते खतरे के बाद से स्थानीय नागरिकों में भारी रोष और डर का माहौल देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः दीपावली से पहले चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सवा पांच क्विंटल अवैध विस्फोटक पटाखे बरामद

Related to this topic: