प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

सोनम वांगचुक के समर्थन में सड़कों पर उतरे छात्र

सोनम वांगचुक के समर्थन में सड़कों पर उतरे छात्र, शिक्षा सुधार की उठाई मांग

सोनम वांगचुक के समर्थन में मैहर के अमरपाटन में छात्रों और युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा में पारदर्शिता और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

सोनम वांगचुक के समर्थन में सड़कों पर उतरे छात्र शिक्षा सुधार की उठाई मांग

Students Protest In Support of Sonam Wangchuk |

मैहर: लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता व शिक्षा सुधार के पक्षधर सोनम वांगचुक के समर्थन में सोमवार को मैहर जिले के अमरपाटन में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र रामनगर रोड चौराहे स्थित संदीपनी विद्यालय के सामने एकत्र हुए।

प्रदर्शन के दौरान युवाओं के हाथों में थे तख्तियां और बैनर

प्रदर्शन के दौरान युवाओं के हाथों में तख्तियां और बैनर थे, जिन पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के अधिकारों से जुड़े संदेश लिखे हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने "इस्तीफा तो तुमको देना होगा, वरना रोज धरना होगा", "छात्र एकता जिंदाबाद" और "शिक्षा बचाओ, देश बचाओ" जैसे नारों के साथ अपनी आवाज बुलंद की। इस दौरान सोनम वांगचुक के समर्थन में पोस्टर भी लहराए गए।

प्रदर्शनकारियों ने उठाई ये मांग

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप था कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।

राष्ट्रपति के नाम भेजा संबोधित ज्ञापन

करीब दो घंटे तक चले शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के बाद छात्रों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार आर.डी. साकेत को सौंपा। ज्ञापन में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों के हितों की सुरक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया गया।

प्रदर्शन के दौरान प्रशासन पूरी तरह रहा सतर्क

प्रदर्शन के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर एकजुटता का संदेश दिया। 

ये भी पढ़ें- होर्मुज जलडमरूमध्य में मिसाइल हमले के बाद जहाज में लगी आग, चालक दल को सुरक्षित बचाया गया
 

Related to this topic: