प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

दिल्ली में टूटा सितंबर की ठंड का रिकॉर्ड

सितंबर में 2001 के बाद दिल्ली का दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान वाला दिन रहा रविवार

दिल्ली में रविवार को सितंबर महीने का 2001 के बाद दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सफदरजंग केंद्र पर न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम था।

सितंबर में 2001 के बाद दिल्ली का दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान वाला दिन रहा रविवार

दिल्ली में टूटा सितंबर की ठंड का रिकॉर्ड (File Photo) |

नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जानकारी देते हुए बताया है कि राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को सितंबर में 2001 के बाद का दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, सितंबर में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान छह सितंबर, 2008 को 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि तीसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान 19 सितंबर, 2024 को 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।

दिल्ली में सामान्य से नीचे रहा तापमान

सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से 2.9 डिग्री सेल्सियस कम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 29.2 से 30.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम कार्यालय ने बताया कि क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 16.8 से 21.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। आईएमडी ने बताया कि शनिवार रात साढ़े आठ बजे से रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दिल्ली में पांच मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। 

32 डिग्री रहेगा अधिकतम तापमान

मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 डिग्री सेल्सियस और 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शाम साढ़े पांच बजे सापेक्ष आर्द्रता 72 प्रतिशत दर्ज की गई। 'समीर ऐप' के अनुसार, शाम छह बजे वायु गुणवत्ता 'संतोषजनक' श्रेणी में थी और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 53 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब, 301 से 400 को बहुत खराब और 401 से 500 को गंभीर माना जाता है।

ये भी पढ़ें- Google Birthday 2026: 28 साल का हुआ गूगल, विंटेज डूडल से मनाया जश्न
 

Related to this topic: