प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

सुनील मित्तल को फ्रांस का सर्वोच्च सम्मान

भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन सुनील मित्तल को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘लीजन ऑफ ऑनर’ से नवाजा गया

भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘नाइट ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया गया है।

भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन सुनील मित्तल को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘लीजन ऑफ ऑनर’ से नवाजा गया

Sunil Mittal Receives France’s Highest Civilian Honour |

नई दिल्ली: भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘नाइट ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया गया है। भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी मथौ ने 28 अक्टूबर को फ्रांस के राजदूत आवास पर आयोजित समारोह में मित्तल को यह सम्मान प्रदान किया। फ्रांस सरकार ने सुनील मित्तल को भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने तथा दूरसंचार, डिजिटल बुनियादी ढांचे और उपग्रह संचार के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया है। ‘लीजन ऑफ ऑनर’ की स्थापना वर्ष 1802 में नेपोलियन बोनापार्ट ने की थी। यह फ्रांसीसी गणराज्य का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जो राष्ट्रीयता की परवाह किए बिना विशिष्ट योगदान देने वाले लोगों को प्रदान किया जाता है। फ्रांस के राष्ट्रपति इस सम्मान के सर्वोच्च प्रमुख होते हैं।

फ्रांस के राजदूत ने मित्तल के योगदान को सराहा

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए फ्रांस के राजदूत थिएरी मथौ ने कहा कि सुनील भारती मित्तल को यह सम्मान भारत-फ्रांस आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। उन्होंने कहा कि मित्तल ने फ्रांसीसी बहुराष्ट्रीय बीमा कंपनी AXA और दूरसंचार उपकरण निर्माता अल्काटेल-ल्यूसेंट के साथ अपने जुड़ाव के जरिए फ्रांसीसी कारोबार के साथ संबंध मजबूत किए हैं। इसके अलावा, फ्रांसीसी उपग्रह कंपनी यूटेलसैट में निवेश के माध्यम से उन्होंने फ्रांस की रणनीतिक स्वतंत्रता की दिशा में भी योगदान दिया है। मथौ ने कहा कि यह सम्मान फ्रांस के साथ कारोबारी संबंधों को गहरा करने, मजबूत साझेदारियां बनाने, उच्चस्तरीय राजनयिक संवाद को बढ़ावा देने और उपग्रह संचार क्षेत्र में बड़े निवेश के लिए मित्तल की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के प्रति फ्रांस की सराहना को दर्शाता है।

सुनील मित्तल ने राष्ट्रपति मैक्रों के प्रति जताया आभार

सम्मान स्वीकार करते हुए सुनील भारती मित्तल ने फ्रांसीसी कंपनियों के साथ अपने दशकों पुराने कारोबारी संबंधों को याद किया। उन्होंने कहा कि फ्रांस के साथ उनका जुड़ाव वर्ष 1992 में एयरटेल की शुरुआत के समय हुआ था। मित्तल ने कहा, “फ्रांसीसी गणराज्य के राष्ट्रपति से मिला यह प्रतिष्ठित सम्मान पाकर मैं बहुत खुश और विनम्र महसूस कर रहा हूं। फ्रांस के साथ मेरा जुड़ाव 1992 में एयरटेल की शुरुआत के समय शुरू हुआ था, जब कॉम्पैग्नी जेनरल डेस ओक्स ने भारत में मोबाइल टेलीफोनी शुरू करने के लिए भारती के साथ साझेदारी की थी। आज भी यूरोपीय उपग्रह कंपनी यूटेलसैट के उपाध्यक्ष के रूप में मेरी भूमिका के जरिए यह जुड़ाव जारी है।” उन्होंने आगे कहा कि वह राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए और भारत-फ्रांस आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता के साथ यह सम्मान स्वीकार कर रहे हैं।

अंतरिक्ष और डिजिटल तकनीक में बढ़ रहा सहयोग

भारत और फ्रांस अपनी विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के तहत अंतरिक्ष और डिजिटल तकनीक के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत कर रहे हैं। इस संदर्भ में यूटेलसैट के उपाध्यक्ष के रूप में मित्तल दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में अहम भूमिका निभा रहे हैं। मित्तल चौथी बार ‘चूज फ्रांस’ शिखर सम्मेलन में शामिल होने वाले हैं। यह सम्मेलन फ्रांस में निवेश और कारोबारी साझेदारियों को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जाता है।

1976 में हुई थी भारती एंटरप्राइजेज की शुरुआत

सुनील भारती मित्तल ने वर्ष 1976 में भारती एंटरप्राइजेज की स्थापना की थी। यह समूह दूरसंचार, डिजिटल बुनियादी ढांचे, वित्तीय सेवाओं और अंतरिक्ष संचार सहित कई क्षेत्रों में सक्रिय है। समूह की प्रमुख कंपनी भारती एयरटेल 17 देशों में काम करती है। इसके अलावा, भारती एंटरप्राइजेज फ्रांस के पेरिस में मुख्यालय वाली उपग्रह कंपनी यूटेलसैट और ब्रिटेन की BT ग्रुप पीएलसी में सबसे बड़े निजी शेयरधारकों में शामिल है।

(ANI)

ये भी पढ़ें: ट्रंप ने नेतन्याहू के चुनावी प्रदर्शन का लिया श्रेय, बोले- इज़राइल में गठबंधन सरकार बनाने पर करेंगे विचार

Related to this topic: