बिहार के सुपौल में ऑर्केस्ट्रा ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी में 10 नाबालिग बच्चियों को मुक्त कराया गया और 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुपौल (बिहार)। जिले में नाबालिग बच्चियों को सुरक्षा उपलब्ध कराने और उनके शोषण पर रोक लगाने के उद्देश्य से सुपौल पुलिस ने ऑर्केस्ट्रा संचालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 10 नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराया है। वहीं, इस मामले में संलिप्त 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद ऑर्केस्ट्रा संचालकों के बीच हड़कंप मच गया है।
नाबालिगों के शोषण की सूचना पर कार्रवाई
जानकारी देते हुए एसपी शरथ आर. एस. ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित ऑर्केस्ट्रा के ठिकानों पर नाबालिग बालिकाओं से काम कराया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक विशेष अपराध सह साइबर पुलिस उपाधीक्षक गौरव गुप्ता के नेतृत्व में एएचटीयू, एसजेपीयू एवं महिला थाना की पुलिस टीम को शामिल करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया।
10 बच्चियां मुक्त, 16 आरोपी हिरासत में
गठित टीम को प्राप्त सूचना का सत्यापन कर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऑर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कुल 10 नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराया गया तथा मामले में संलिप्त 16 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में महिला थाना में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छपरा के चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में छपरा जिले के कई व्यक्ति शामिल हैं। इनमें केरा थाना क्षेत्र के माया टोला वार्ड संख्या-3 निवासी जितेंद्र कुमार, तरवारा थाना क्षेत्र के बैरारी वार्ड संख्या-8 निवासी विवेक कुमार, एकमा थाना क्षेत्र के मुईली वार्ड संख्या-2 निवासी सुधांशु कुमार तथा केरा थाना क्षेत्र के तुजारपुर वार्ड संख्या-4 निवासी इमाम अंसारी शामिल हैं।
सुपौल-सिवान के आरोपी भी गिरफ्तार
इसके अलावा सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के चम्पानगर वार्ड संख्या-1 निवासी सोनू कुमार, सिवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के पलहू हाता वार्ड संख्या-5 निवासी विकास कुमार तथा सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के मौजहा निवासी राजेश मेहता उर्फ राजेश जी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की विज्ञप्ति में इनके अलावा नौ अन्य महिलाओं की गिरफ्तारी का भी उल्लेख है।
बच्चियों की पृष्ठभूमि का सत्यापन
एसपी शरथ आर. एस. ने बताया कि मुक्त कराई गई नाबालिग बालिकाओं की पारिवारिक पृष्ठभूमि का सत्यापन कराया जा रहा है। वहीं, हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नाबालिग बालिकाओं को किन परिस्थितियों में ऑर्केस्ट्रा के काम में लगाया गया था और इसमें अन्य लोगों की भूमिका है या नहीं।
नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
एसपी ने स्पष्ट किया कि नाबालिग बालिकाओं को शोषण से बचाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस जिले में संचालित ऑर्केस्ट्रा समेत अन्य संबंधित ठिकानों पर निगरानी रखेगी और सूचना मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत; रातभर सड़क पर पड़ा रहा शव