वाराणसी, उत्तर प्रदेश। ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सनातन धर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है।
वाराणसी, उत्तर प्रदेश। ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सनातन धर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जनता को यह समझना चाहिए कि कुछ लोग हिंदू वस्त्र पहनकर सनातन धर्म को नष्ट करने की साजिश कर रहे हैं। वे खुद को हिंदू बताते हैं, लेकिन काम हिंदुओं के खिलाफ करते हैं।
गिरफ्तारी हुई तो करेंगे सहयोग
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि अगर पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई भी करती है तो वे उसका विरोध नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, “हम कानून का पूरा सम्मान करेंगे और पुलिस का सहयोग करेंगे। जनता सब कुछ देख रही है और सच देर-सवेर सामने आकर ही रहेगा।”
सीसीटीवी से सच सामने आने का दावा
उन्होंने प्रयागराज की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और पूरा इलाका वॉर रूम से मॉनिटर होता है। उनके अनुसार, “हम आपके कैमरों की पहुंच में थे। पुलिस की बर्बरता के बाद हम अपने कैंप में नहीं गए, इसलिए हमारी बस भी कैंप के अंदर खड़ी नहीं थी। ऐसे में जो कुछ भी हुआ, वह सब सीसीटीवी में रिकॉर्ड है।”
गुरुकुल से संबंध होने के आरोपों का खंडन
स्वामी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जिन लड़कों का नाम लिया जा रहा है, उनका उनके गुरुकुल से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा, “वे कभी हमारे गुरुकुल में पढ़ने नहीं आए। वे हरदोई के एक स्कूल के छात्र हैं और उनकी मार्कशीट मुकदमे में जमा है, जिससे यह साफ हो जाता है कि उनका हमसे कोई लेना-देना नहीं है।”
‘सीडी’ को सार्वजनिक करने की उठाई मांग
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर किसी के पास कोई सीडी है तो उसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा। “सिर्फ ‘सीडी है’ कहकर भ्रम फैलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में इन सभी सवालों के जवाब देने होंगे,” उन्होंने कहा।
झूठ का पर्दाफाश होने का दावा
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि झूठ ज्यादा दिन तक नहीं टिकता। “अगर आज नहीं तो कल, और कल नहीं तो परसों, सच सामने आकर रहेगा और पूरी कहानी झूठी साबित होगी।”
जनता से की सतर्क रहने की अपील
अंत में उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि सनातन धर्म के नाम पर भ्रम फैलाने वालों को पहचानने की जरूरत है। “कुछ लोग हिंदू बनकर हिंदुओं के खिलाफ काम कर रहे हैं। समाज को ऐसे लोगों से सावधान रहना होगा।”
यह भी पढ़े: रेखा गुप्ता का ममता पर तीखा वार
https://www.primenewsnetwork.in/state/rekha-gupta-targets-mamata-banerjee/145171