रायबरेली पहुंचे स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीजेपी, सपा और बसपा पर तीखे हमले किए। उन्होंने केशव प्रसाद मौर्य पर तंज कसते हुए 2027 में बीजेपी की विदाई का दावा किया।
रायबरेली: रायबरेली पहुंचे अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने सूबे की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। मौर्य ने एक साथ भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी तीनों पर तीखे राजनीतिक तीर चलाए। उन्होंने बीजेपी के 2027 में वापसी के दावों को खारिज करते हुए अखिलेश यादव को 'भ्रमित' बताया और प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर भी करारा तंज कसा।
केशव मौर्य पर स्वामी प्रसाद का तंज
सहारनपुर मुद्दे और बीजेपी नेताओं की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर सीधा हमला बोला। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, यह तो "खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे" वाला हाल है। वे तो चाहते थे कि मुख्यमंत्री बन जाएं, लेकिन अपनी खुद की विधानसभा सीट तक हार गए और अब केवल रोना रो रहे हैं। मौर्य ने आगे कहा कि हवा-हवाई दावे करने में माहिर बीजेपी हर मोर्चे पर पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई है और 2027 के चुनाव में प्रदेश की जनता बीजेपी की विदाई तय कर चुकी है।
अखिलेश के PDA नारे पर स्वामी प्रसाद का हमला
सपा मुखिया अखिलेश यादव के 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर हमला बोलते हुए मौर्य ने कहा कि अखिलेश खुद आज तक इसका मतलब नहीं समझ पाए हैं। मौर्य ने तंज कसते हुए कहा, अखिलेश यादव हर बैठक में पीडीए की नई परिभाषा गढ़ते हैं। जब पार्टी का नेता खुद कंफ्यूज्ड हो, तो वह जनता को क्या दिशा देगा? उन्होंने दावा किया कि सपा बीजेपी को नहीं हटा सकती, केवल तीसरा मोर्चा ही बीजेपी का सफाया करेगा।
आकाश आनंद को हटाने पर मायावती पर बरसे स्वामी प्रसाद
बसपा में आकाश आनंद को हटाए जाने पर मौर्य ने मायावती को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मायावती को हमेशा डर सताता है कि कोई उनसे आगे न निकल जाए। इसी डर के चलते वह कद्दावर नेताओं को बाहर करती रहती हैं और अब आकाश आनंद के साथ भी यही किया। मायावती की इसी कार्यशैली से आज बीएसपी का वजूद खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है।
ये भी पढ़ें- 'असली GDP ग्रोथ जीरो है', औरैया में अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला, गिनाईं जमीनी हकीकतें