शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के नयागांव गोलाकोट में एक खेत के कुएं में डूबने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
शिवपुरी (मध्यप्रदेश)। शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के नयागांव गोलाकोट में एक खेत के कुएं में डूबने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक शुक्रवार दोपहर नहाने गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया था। एसडीईआरएफ और गोताखोरों की टीम ने शनिवार को उसका शव कुएं से बाहर निकाला।
नहाने के दौरान गहरे पानी में समाया अमित
जानकारी के अनुसार, नयागांव गोलाकोट निवासी अमित जाटव (19) शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे झूतरी की पुलिया के पास स्थित एक खेत के कुएं में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल खनियाधाना पुलिस को सूचित किया।
एसडीईआरएफ और गोताखोरों ने चलाया सर्च अभियान
पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश शुरू की। शुक्रवार पूरे दिन चले बचाव अभियान के बावजूद अमित का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद, एसडीईआरएफ टीम, गोताखोरों और पुलिस ने संयुक्त रूप से खोज अभियान जारी रखा। शनिवार को कड़ी मशक्कत के बाद बचाव दल को सफलता मिली और अमित जाटव का शव कुएं से बाहर निकाला गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। खनियाधाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: मछली पकड़ने गया युवक लापता, नदी किनारे मिले कपड़े और साइकिल