प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

खाद वितरण में लापरवाही पर कार्रवाई

किसान बनकर खाद दुकान पहुंचे तहसीलदार, गड़बड़ी मिलने पर दुकान सील

मुरैना में खाद वितरण की शिकायत पर तहसीलदार ने खुद किसान बनकर जांच की और अनियमितता मिलने पर खाद दुकान को सील कर दिया।

किसान बनकर खाद दुकान पहुंचे तहसीलदार गड़बड़ी मिलने पर दुकान सील

Tehsildar Poses as Farmer, Seals Fertilizer Shop Over Irregularities |

मुरैना,(मध्य प्रदेश)। अंबाह किसानों को खाद वितरण में हो रही अनियमितताओं की शिकायत मिलते ही तहसीलदार नरेश शर्मा ने अनोखा कदम उठाया। वे स्वयं किसान बनकर खाद की दुकान पर पहुंचे, जहां दुकान बंद मिली। दुकान खुलवाने पर संचालक ने खाद उपलब्ध न होने की बात कहकर वापस लौटा दिया, लेकिन निरीक्षण में गोदाम के अंदर डीएपी समेत अन्य उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक मिला। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया।

नहीं मिल रही तीन दिनों से खाद

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह थाना परिसर में मार्कफेड द्वारा खाद वितरण की व्यवस्था के दौरान किसान मकरंद शर्मा ने शिकायत की कि उनकी पत्नी के नाम ई-टोकन जारी होने के बावजूद नीरज उपाध्याय खाद-बीज भंडार से पिछले तीन दिनों से खाद नहीं मिल रही है क्योंकि दुकान बंद रखी जा रही है।

तहसीलदार को भी नहीं दी खाद

शिकायत की पुष्टि करने के लिए तहसीलदार नरेश शर्मा स्वयं किसान के रूप में दुकान पहुंचे। प्रारंभिक तौर पर उन्हें भी खाद नहीं दी गई। इसके बाद एसएडीओ महेश किरार, राजस्व विभाग और पुलिस बल के साथ निरीक्षण किया गया, जिसमें दुकान में पर्याप्त मात्रा में डीएपी व अन्य उर्वरक मौजूद पाए गए।

दुकानदार पर लगे गंभीर आरोप

खाद वितरण में अनियमितता, ई-टोकनधारी किसानों को खाद न देने और दुकान बंद रखने को गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रशासन ने दुकान को सील कर दिया। तहसीलदार ने बताया कि दुकान का लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा जाएगा। साथ ही चेतावनी दी कि किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध नहीं कराने वाले किसी भी विक्रेता या संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए तहसीलदार नरेश शर्मा ने अपना मोबाइल नंबर 9174952120 भी जारी किया है, जिस पर खाद न मिलने, अधिक कीमत वसूले जाने या दुकान बंद मिलने जैसी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। 

यह भी पढ़ें: रूफटॉप सोलर में यूपी का जलवा, लखनऊ देश में लगातार नंबर-1

Related to this topic: