अखिलेश यादव ने श्री माता प्रसाद पाण्डेय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि आदरणीय माता प्रसाद पाण्डेय जी अब स्वस्थ है। हम सब लोग उनका हाल-चाल जानने आये हैं।
पार्टी के वरिष्ठ नेता माता प्रसाद से स्वास्थ्य का हालचाल लेते सपा मुखिया अखिलेश यादव |
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष विधान सभा श्री माता प्रसाद पाण्डेय से लखनऊ वृंदावन कालोनी स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी भी मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने श्री माता प्रसाद पाण्डेय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि आदरणीय माता प्रसाद पाण्डेय जी अब स्वस्थ है। हम सब लोग उनका हाल-चाल जानने आये हैं।
व्यापारी निषाद की हत्या से पीडीए के लोग पीड़ित
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार और सरकार से जुड़े लोग बड़े पैमाने पर अन्याय कर रहे हैं। प्रदेश में कई जगह लोगों की जान ले रहे हैं। गोण्डा में व्यापारी विनोद कुमार निषाद (सहनी) के साथ हुई घटना के साथ ही प्रतापगढ़, कौशाम्बी समेत तमाम जिलों में घटनाएं हुई हैं। पीडीए के लोग पीड़ित, दुःखी, अपमानित हुए है। हालात यह है कि मंत्री को धरना पर बैठना पड़ रहा है। सहयोगी दल के मंत्री को धरने पर नहीं बैठना चाहिए, सरकार को डराना चाहिए। अगर भाजपा के सहयोगी दल के मंत्री आज सरकार से बाहर जाने की धमकी दे दे तो हर बात मान ली जाएगी। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए समाज की कोई सुनवाई नहीं हो रही है, अगर कोई बात कहने और लिखने पर हत्या हो जाए तो संविधान और कानून कहां है। हत्या करने में बीजेपी के लोग शामिल है, पुलिस तमाशा देख रही है।
भाजपा सरकार में कानून व्यवस्थाएं बर्बाद
गोण्डा के विनोद कुमार निषाद के हत्या के मामले में उनके परिवार की मांगे मानी जाए। सरकार को उनके बेटे की मांग स्वीकार करनी चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश की कानून-व्यवस्था सेवाएं बर्बाद है। अस्पतालों में इलाज नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहुत से अस्पताल ही बीमार है। गरीब इलाज के लिए भटक रहा है। भाजपा महंगाई, बेरोजगारी भ्रष्टाचार पर बात नहीं करना चाहती है, इसीलिए जानबूझकर ध्यान हटाने के लिए आदरणीय आजम खां साहब के खिलाफ मुकदमें लगा रही है। समाजवादी सरकार आने पर मोहम्मद आजम खां साहब पर लगे सभी मुकदमें उसी तरह से वापस ले लिए जाएंगे, जिस तरह से मुख्यमंत्री जी और डिप्टी सीएम ने अपने और अपने लोगों के मुकदमें वापस लिए हैं। अखिलेश यादव ने भाजपा की बैठकों पर कहा कि विधायकों के टिकट काटने की सूची बनाने के लिए बैठकें हो रही है। भाजपा अपने विधायकों की टिकट तो कटेगी ही, गठबंधन के सहयोगी दलों के विधायकों के भी टिकट कटने जा रही है।