आबूरोड रीको थाना क्षेत्र के सांतपुर नया खेड़ा स्थित मेलडी माता मंदिर के पीछे रहने वाले सब्जी विक्रेता के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया।
सिरोही (राजस्थान)। आबूरोड रीको थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सांतपुर नया खेड़ा स्थित मेलडी माता मंदिर के पीछे रहने वाले सब्जी विक्रेता के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया और ताला तोड़कर घर में प्रवेश कर अलमारी से करीब 4.50 लाख रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए।
घर में सो रही बच्ची के बावजूद अलमारी तोड़कर चुराई नकदी
जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजेंद्र पुत्र बंशीलाल सुबह करीब 4 बजे बड़ी सब्जी मंडी में सब्जी लेने गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने बताया कि बैंक से निकाले गए करीब 4 लाख रुपए और दुकान की नकदी घर में रखी हुई थी। बताया जा रहा है कि वारदात के समय घर में एक बच्ची सो रही थी। चोरों ने कमरे में प्रवेश कर अलमारी को तोड़ने का प्रयास किया और नकदी लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए बाइक सवार संदिग्ध
चोरों ने अन्य सामान को भी खंगालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलने पर रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार एक पुरुष और पीछे बैठी महिला दिखाई देने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश में जुटी है। पुलिस द्वारा जल्द ही मामले का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: उमरिया में सूने घर पर चोरों का धावा, 3 लाख के जेवर-नकदी लेकर रातों-रात हुए फरार