बलिया के उभांव थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से परेशान युवती से बार-बार दुष्कर्म करने और उसकी मां को धमकी देने के आरोप में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बलिया: उत्तर प्रदेश की बलिया जनपद से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। मानसिक रूप से परेशान लड़की के साथ दुष्कर्म किया गया, फिर उसकी मां को धमकी दी गई। मामला थाना उभांव क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी और उसका साथ देने वाले दो अन्य दरिंदो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
लड़की के साथ बार-बार किया गया दुष्कर्म
घटना 13 अगस्त की बताई जा रही है। थाना उभांव क्षेत्र की पीड़िता लड़की की मां ने स्थानीय थाने पर लिखित प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी जो मानसिक रूप से मंदबुद्धि है उसके साथ राजनाथ पुत्र स्वर्गीय सुदर्शन निवासी शाहपुर लफ़ंगा, थाना उभांव द्वारा लगातार बार-बार दुष्कर्म किया गया, जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गई।
तीन के खिलाफ किया गया मामला दर्ज
जब पीड़िता की मां ने इस घृणित कृत्य के बारे में आरोपी पक्ष से पूछताछ की, तो अन्य अभियुक्तों अनिल कश्यप पुत्र राजनाथ और भोला पुत्र स्वर्गीय सुदर्शन ने पीड़िता की मां को भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल एक नामजद समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
आरोपी को बक्सर के एक होटल से किया गया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना उभांव पुलिस ने आरोपियों की धर पकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया। 14 अगस्त को पुलिस ने दो अलग-अलग सफल अभियानों के तहत तीनों वांछितों को दबोच लिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य अभियुक्त राजनाथ प्रसाद को बिहार के बक्सर में स्वास्तिक होटल के कमरा नंबर 105 पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
नोटिस लेने से इनकार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
वहीं, उपनिरीक्षक सुमित कुमार चौकिया मोड़ के पास क्षेत्र भ्रमण कर रहे थे तभी प्रभारी निरीक्षक द्वारा सूचना दी गई कि अन्य वांछित अभियुक्त अनिल कश्यप और भोला अपने घर पर ही मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियुक्तों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के अंतर्गत नोटिस का तामिला कराने का प्रयास किया, लेकिन अभियुक्तों ने तामिला कराने से साफ इनकार कर उल्टा असहयोग किया। इस स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- इटावा विधायक का वायरल वीडियो बना सियासी मुद्दा, अखिलेश यादव ने बोला हमला