प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

व्यवसायी लूटकांड का खुलासा

सीतामढ़ी में व्यवसायी लूटकांड का खुलासा, देसी कट्टा और बाइक के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

कन्हौली थाना पुलिस ने व्यवसायी से हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

सीतामढ़ी में व्यवसायी लूटकांड का खुलासा देसी कट्टा और बाइक के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

Three Arrested in Businessman Robbery Case |

सीतामढ़ी (बिहार)। कन्हौली थाना पुलिस ने व्यवसायी से हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सह एडिशनल एसपी आशीष आनंद ने प्रेस वार्ता आयोजित कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 जून को कन्हौली थाना क्षेत्र के मुलही मठ के समीप एनएच-22 पर एक व्यवसायी से लूट की घटना को अंजाम दिया गया था।

पूछताछ में स्वीकार की संलिप्तता

मामले में कन्हौली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान सभी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भुतही थाना क्षेत्र के कचोर गांव निवासी अशर्फी पासवान के पुत्र राजन कुमार, उसी गांव निवासी मनोज राम के पुत्र रितिक कुमार तथा सहियारा थाना क्षेत्र के बदुरी गांव निवासी दशरथ पासवान के पुत्र अमित सहनी के रूप में हुई है।

हथियार, बाइक और मोबाइल समेत कई सामान बरामद

पुलिस ने आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल, एक लाल रंग का हेलमेट, पांच मोबाइल फोन तथा मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी है और उनके विरुद्ध पूर्व से कई मामले दर्ज हैं। छापेमारी दल में कन्हौली थानाध्यक्ष बीरबल कुशवाहा, भुतही थाना के एसआई रणवीर कुमार, एसआई शशिकांत कुमार, एएसआई प्रकाश झा, सिपाही विनय कुमार, मृत्युंजय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

यह भी पढ़ें: कुएं में नहाने गया युवक गहरे पानी में डूबा, 24 घंटे बाद SDRF ने बाहर निकाला शव

Related to this topic: