सूरजपुर जिले में अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के निर्देश के बीच प्रतापपुर पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सूरजपुर (छत्तीसगढ़)। सूरजपुर जिले में अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के निर्देश के बीच प्रतापपुर पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब ₹1 लाख कीमत के 5 मवेशी (भैंस) जब्त करने के साथ तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और रेकी में इस्तेमाल की जा रही मारुति एक्सएल-6 कार भी जब्त की है।
गश्त के दौरान मिली अहम सूचना
जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर प्रतापपुर पुलिस रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ तस्कर पिकअप वाहन में अवैध रूप से मवेशियों को लोड कर प्रतापपुर की ओर जा रहे हैं, जबकि आगे-आगे एक मारुति कार रेकी कर रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रतापपुर पुलिस ने कदमपारा चौक में घेराबंदी की।
भागने की कोशिश, फिर दबोचे गए आरोपी
इस दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रहे दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान पिकअप चालक देवकुमार कोरवा निवासी कामेश्वरनगर, थाना सनावल जिला बलरामपुर, मारुति कार चालक जुबैर आलम निवासी बरवाही थाना सनावल (वर्तमान पता चांदनी चौक अंबिकापुर) तथा उसके साथ बैठे शमीम अंसारी निवासी बेलखरिखा थाना दरिमा को गिरफ्तार किया गया।
पिकअप में क्रूरतापूर्वक ठूंसे थे मवेशी
पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 5 भैंसों को क्रूरतापूर्वक ठूंसकर ले जाया जाना पाया गया। आरोपियों से मवेशियों के परिवहन एवं खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(ए) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में बारिश-बर्फबारी से पहले हीटवेव का अलर्ट, IMD की चेतावनी