पन्ना में खाकी को दागदार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां सीटबेल्ट चेकिंग के नाम पर एक व्यापारी को रोककर न केवल उसे प्रताड़ित किया गया, बल्कि उससे मोटी रकम भी वसूली गई।
पन्ना (मध्य प्रदेश)। जिले से खाकी को दागदार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां सीटबेल्ट चेकिंग के नाम पर एक व्यापारी को रोककर न केवल उसे प्रताड़ित किया गया, बल्कि उससे मोटी रकम भी वसूली गई। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पन्ना पुलिस अधीक्षक (SP) निवेदिता नायडू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी (TI) समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
व्यापारी को रोककर मोबाइल और चाबी छीनी
चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने एक व्यापारी को जबरन रोका। इसके बाद उसका मोबाइल फोन और गाड़ी की चाबी छीन ली गई ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। पीड़ित व्यापारी को करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। पुलिसकर्मियों ने उसके बैग में गांजा होने का झूठा आरोप लगाया और उसे एनडीपीएस (NDPS) केस में फंसाने की धमकी दी। केस से बचाने के बदले में व्यापारी से ₹95,000 की जबरन वसूली की गई।
तीनों पुलिसकर्मी तत्काल प्रभाव से निलंबित
पीड़ित व्यापारी द्वारा मामले की शिकायत पन्ना एसपी से किए जाने के बाद, शुरुआती जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई।वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि पुलिस विभाग में इस तरह के भ्रष्ट और आपराधिक कृत्य को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की गहन जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोषी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ कानूनी कदम भी उठाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: शेयर बाजार शानदार तेजी के बाद गिरावट, निवेशकों को ₹1 लाख करोड़ का लाभ