पीएम नरेंद्र मोदी ने सिलीगुड़ी के कावलाखाली मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने टीएमसी सरकार पर उत्तर बंगाल को बर्बाद करने का आरोप लगाया। पीएम ने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है।
कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के कावलाखाली मैदान में भाजपा की चुनावी सभा में कहा कि पंद्रह सालों में उत्तर बंगाल को बर्बाद करने वाली टीएमसी की निर्मम सरकार का इस बार जाना तय है। बंगाल ने “बदलानो दरकार” ठान लिया है। टीएमसी जब सत्ता में आई थी तो उस समय पहली कक्षा में पढ़ने वाले छात्र अब वोटर हैं और उन्होंने टीएमसी का कारनामों और निर्ममताओं को देखा है। अब वे टीएमसी का भय दिखाना और आतंकित करना बर्दाश्त नहीं करेंगे। टीएमसी की नींद उड़ गई है।
उत्तर बंगाल के विकास और बजट को लेकर TMC को घेरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि टीएमसी की निर्मम सरकार ने उत्तर बंगाल की उपेक्षा की है। उत्तर बंगाल के इंफ्रास्ट्रकचर को बिगाड़ दिया है। उत्तर बंगाल के लिए दिए गए रुपये को टीएमसी के सिंडीकेट ने लूट हड़प लिया है। उन्होंने उत्तर बंगाल के साथ हुए भेदभाव का एक उदाहरण देते हुए कहा कि टीएमसी की निर्मम सरकार मदरसा के लिए छह हजार करोड़ रुपए बजट में देती है लेकिन पूरे उत्तर बंगाल के लिए इतनी भी राशि नही देती। टीएमसी की सरकार तुष्टीकरण की राजनीति करती है। उत्तर बंगाल में बाढ़ से जब तबाही हो रही थी तो टीएमसी कोलकाता में जश्न मना रही थी। उन्होंने टीएमसी को उत्तर बंगाल विरोधी, आदिवासी विरोधी, चाय बागान और चाय बागान मजदूर विरोधी, महिला और युवा विरोधी बताया।
राज्य में केंद्र की योजनाओं को रोका गया: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा की सिड़ीगुड़ी सुरक्षा का मुख्य द्वार है। लेकिन टीएमसी ने तुष्टीकरण और वोट बैंक के लिए इसे कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल के चाय बागानों को बर्बाद कर दिया गया है जबकि असम की डबल इंजन की सरकार ने अपने यहां चाय बागानों का विकास किया है। उन्होंने रेल और सड़क की केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि उससे सिलीगुड़ी और उत्तर बंगाल के दूसरे हिस्सों में विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों में केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू कर जरूरतमंदों को आवास, पानी, चिकित्सा की सुविधाएं मुहैया हुई हैं लेकिन यहां की निर्मम सरकार ने केंद्र सरकार की सारी योजनाओं को रोक रखा है।
पीएम ने घुसपैठ और कथित भ्रष्टाचार पर कही कार्रवाई की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि टीएमसी वालों से महिलाओं पर किए गए अत्याचार, कटमनी, करप्शन, गुंडागिरी, माफियागिरी का एक-एक हिसाब लिया जाएगा। लोगों को भयभीत और आतंकित करने का हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण सामाजिक संतुलन बिगड़ गया है। एक-एक घसुपैठियों को बाहर किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने भाजपा के शपथ पत्र में उत्तर बंगाल के लिए किए गए तमाम वादों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन सभी वादों को भाजपा की डबल इंडन सरकार पूरा करेगी, यह मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने कांग्रेस, लेफ्ट और टीएमसी को मौका देकर देख लिया गया है। अब भाजपा को एक बार मौका दे कर देख लीजिए।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/india-pushes-solar-self-reliance-with-polysilicon-push-under-pli-scheme/156786
सौर ऊर्जा में आत्मनिर्भर बनेगा भारत, पॉलिसिलिकन निर्माण के लिए PLI योजना की तैयारी