मध्य प्रदेश के सीहोर में कोटा से नागपुर जा रहे अमोनिया गैस से भरे एक टैंकर में रिसाव हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
सीहोर: जिले के दोराहा थाना क्षेत्र के सोनकच्छ टोल के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब कोटा से नागपुर जा रहे अमोनिया गैस से भरे एक टैंकर में रिसाव हो गया। सूचना मिलते ही दोराहा थाने की पुलिस हरकत में आई। गैस रिसाव की आशंका को देखते हुए टैंकर को सोनकच्छ रोड स्थित गुरु नानक ढाबे के पीछे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया। पुलिस ने एहतियातन पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
मौके पर दोराहा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बरती गई। ढाबे और आसपास से लोगों को दूर हटाया गया ताकि कोई जनहानि न हो।
पुलिस के मुताबिक, टैंकर चालक को रास्ते में रिसाव की सूचना मिली थी। मौके पर फायर ब्रिगेड और गैस कंपनी के एक्सपर्ट को बुलाया गया। शुरुआती जांच में टैंकर के वाल्व से हल्का रिसाव होने की बात सामने आई है। एहतियात के तौर पर टोल से ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है। एक्सपर्ट टीम ने रिसाव को कंट्रोल कर लिया है। टैंकर को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। समय पर सूचना और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया है कि अमोनिया गैस जहरीली होती है। रिसाव बढ़ता तो आसपास के गांवों तक खतरा हो सकता था। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। मेंटेनेंस में लापरवाही की जांच होगी।