प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

औरंगाबाद में सड़क हादसा

औरंगाबाद में एनएच-19 पर भीषण सड़क हादसा: टायर चेक कर रहे ट्रक चालक की कंटेनर की टक्कर से मौत

औरंगाबाद में टायर पंचर होने पर उसकी जांच कर रहे ट्रक चालक को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने कुचल दिया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

औरंगाबाद में एनएच-19 पर भीषण सड़क हादसा टायर चेक कर रहे ट्रक चालक की कंटेनर की टक्कर से मौत

Tragic Road Accident on NH-19 in Aurangabad: Truck Driver Killed |

औरंगाबाद (बिहार)। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भेड़िया गांव के समीप भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गयी, जबकि सहचालक घायल हो गया।हादसा उस वक्त हुआ, जब ट्रक का टायर पंचर होने के बाद चालक और सहचालक सड़क किनारे उतरकर टायर की जांच कर रहे थे।

चालक की घटनास्थल पर ही मौत

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। मृतक की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले के नागराड़ा निवासी लाले खान के 50 वर्षीय पुत्र अमर खान के रूप में हुई है। वहीं घायल सहचालक राजेश खान भी बाड़मेर जिले का ही रहने वाला बताया जाता है।

रांची से पाउडर लेकर गुजरात जा रहा था ट्रक

मिली जानकारी के अनुसार अमर खान ट्रक पर पाउडर लादकर झारखंड के रांची से गुजरात जा रहा था। ट्रक जैसे ही मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भेड़िया गांव के समीप पहुंचा, उसका एक टायर पंचर हो गया। इसके बाद चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और सहचालक के साथ नीचे उतरकर टायर देखने लगा। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने दोनों को टक्कर मार दी।

सदर अस्पताल में मृत घोषित

घटना की सूचना पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने घायल सहचालक समेत चालक को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अमर खान को मृत घोषित कर दिया। घायल राजेश खान का इलाज चल रहा है।पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है, परिजन राजस्थान से औरंगाबाद के लिए रवाना हो गये हैं। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि कंटेनर और ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। 

यह भी पढ़ेंः मोतिहारी में एनएच-28ए पर दर्दनाक सड़क हादसा: बहु-वाहन भिड़ंत में ट्रक चालक की मौत, आधा दर्जन से अधिक घायल

Related to this topic: