मुरैना जिले के पोरसा मे भीषण गर्मी और बढ़ते विद्युत लोड के बीच सोमवार दोपहर पोरसा शहर में बड़ा हादसा हो गया।
मुरैना (मध्यप्रदेश)। मुरैना जिले के पोरसा मे भीषण गर्मी और बढ़ते विद्युत लोड के बीच सोमवार दोपहर पोरसा शहर में बड़ा हादसा हो गया। वार्ड क्रमांक 13 स्थित अटेर रोड बंबा पर वाटर पंप के पास लगे विद्युत विभाग के ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रांसफॉर्मर के समीप बने एक कॉफी हाउस को अपनी चपेट में ले लिया।
देखते ही देखते कॉफी हाउस तक पहुंची लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 2 बजे ट्रांसफॉर्मर से धुआं और लपटें उठनी शुरू हुईं। कुछ ही देर में आग इतनी तेज हो गई कि पास स्थित कॉफी हाउस तक पहुंच गई। आग लगते ही बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल कॉफी हाउस संचालक मोनू पचौरी को सूचना दी। साथ ही फायर ब्रिगेड को भी घटना की जानकारी दी गई।
लाखों का नुकसान, जनहानि टली
हालांकि जब तक दमकल वाहन मौके पर पहुंचता, तब तक कॉफी हाउस पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। आग की लपटों ने अंदर रखा फर्नीचर और अन्य सामान भी नष्ट कर दिया। कॉफी हाउस संचालक मोनू पचौरी ने बताया कि आगजनी में करीब दो लाख रुपये का फर्नीचर और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई है। गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति आग की चपेट में नहीं आया, जिससे जनहानि टल गई।
ट्रांसफॉर्मरों के नियमित रखरखाव की मांग
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण ट्रांसफॉर्मर पर अधिक लोड बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए ट्रांसफॉर्मरों के नियमित रखरखाव और सुरक्षा उपायों की मांग की है।
यह भी पढ़ें: महासमुंद में तालाब में मरी मिलीं हजारों मछलियां, ग्रामीणों को जहर डाले जाने की आशंका