आबूरोड के रीको थाना क्षेत्र में सूरपगला के पास स्थित विकट मोड़ पर मध्य रात्रि को एक डंपर अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गया।
सिरोही (राजस्थान)। आबूरोड के रीको थाना क्षेत्र में सूरपगला के पास स्थित विकट मोड़ पर मध्य रात्रि को एक डंपर अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गया। इसी दौरान पीछे से आ रहा दूसरा डंपर भी संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे बनी सुरक्षा दीवार से जा भिड़ा। हादसे में दोनों डंपर क्षतिग्रस्त हो गए।
चार किलोमीटर तक थमा यातायात
दुर्घटना के बाद छापरी चौकी और सूरपगला के बीच दोनों ओर करीब 4 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस की तत्परता से बहाल हुआ ट्रैफिक
पुलिस ने क्रेन बुलाकर दोनों क्षतिग्रस्त डंपरों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सुचारू किया गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लंबे समय से बाधित यातायात को बहाल कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में जमीन विवाद को लेकर बवाल, दो पक्षों के बीच चलीं लाठियां और ईंट-पत्थर