सुल्तानपुर के धनपतगंज थाना क्षेत्र में चांदी व्यापारी से लूट के मामले में पुलिस और एसओजी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लाखों के आभूषण बरामद हुए हैं।
सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश)। सुल्तानपुर जिले के धनपतगंज थाना क्षेत्र में चांदी के थोक व्यापारी के साथ हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शुक्रवार दोपहर 12 बजे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8.50 लाख रुपये कीमत के चांदी के आभूषण, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है। इस खुलासे के बाद पुलिस अधीक्षक ने बेहतरीन कार्य करने वाली इस पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
कर्मचारी ने ही रची थी साजिश, दिल्ली के साथी को दी थी जानकारी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान धनपतगंज थाना क्षेत्र के सेवरा गांव निवासी लल्लन गिरि (पुत्र श्रीराम गिरि) और राधेश्याम वर्मा (पुत्र शिवराम) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लल्लन खुद पीड़ित व्यापारी हिमांचल मिश्रा के साथ माल डिलीवरी का काम करता था। उसने दिल्ली में काम के दौरान मिले पंजाब निवासी सुरजीत सिंह संधू उर्फ चाचा के साथ मिलकर इस लूट की पूरी साजिश रची थी। चार नवंबर को लल्लन ने ही व्यापारी के आने-जाने का रूट और समय सुरजीत को लीक किया था, जिसके बाद सुरजीत अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने पहुंचा था।
टीकर मोड़ के पास बाइक रोककर की गई थी लूटपाट
सेवरा गांव निवासी पीड़ित हिमांचल मिश्रा थोक में चांदी की अंगूठियां बेचने का कारोबार करते हैं। घटना चार नवंबर की है, जब वह अपने कर्मचारी लल्लन के साथ बाइक पर सवार होकर बलीपुर बाजार जा रहे थे। रास्ते में टीकर मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें जबरन रोक लिया और तमंचे की बट से सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद बदमाश आभूषणों से भरा बैग लूटकर मौके से फरार हो गए थे। घटना के तुरंत बाद व्यापारी ने अपने ही कर्मचारी पर इस साजिश में शामिल होने का गहरा शक जताया था, जो पुलिस जांच में सही साबित हुआ।
आभूषणों के साथ जरूरी कागजात और दस्तावेज भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 4 किलो 252 ग्राम चांदी के आभूषण, चांदी के नोट, दो राधा श्रृंगार, 315 बोर का एक तमंचा और एक कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा लूटे गए बैग से व्यापारी का पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बिल बुक और टैक्स इनवॉइस जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज भी सुरक्षित मिल गए हैं। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: प्रतापगढ़ में रस्क कारोबारी से 92 हजार की ठगी, गोदाम से माल गायब करने वाला आरोपी गिरफ्तार