मंडला के कान्हा टाइगर रिजर्व में वन विभाग ने चीतल शिकार मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
मंडला,(मध्य प्रदेश)। कान्हा टाइगर रिजर्व की खटिया रेंज अंतर्गत बटवार बीट क्षेत्र में वन विभाग ने वन्यजीव शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चीतल के मांस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बरामद मांस के आधार पर वन विभाग ने उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
मुखबिर से मिली चीतल के शिकार की सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बटवार बीट क्षेत्र में चीतल का शिकार किया गया है और आरोपी उसके मांस के साथ क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही एसडीओ आशीष पांडे के निर्देशन में वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र में दबिश दी। तलाशी के दौरान दो आरोपियों को चीतल के मांस के साथ पकड़ा गया। पूछताछ के बाद वन विभाग ने दोनों को अभिरक्षा में लेकर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
दोनों आरोपियों को चीतल के मांस के साथ गिरफ्तार
कान्हा टाइगर रिजर्व के एसडीओ आशीष पांडे ने बताया, कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को चीतल के मांस के साथ गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। मामले की आगे भी जांच की जा रही है।
वन्यजीवों के शिकार और अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी
वन विभाग ने कहा है कि कान्हा टाइगर रिजर्व और उसके आसपास के क्षेत्रों में वन्यजीवों के शिकार और अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वन्यजीवों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि वन्यजीव शिकार या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ेंः बलिया में पुलिस मुठभेड़, गवाह हत्याकांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार