आबूरोड शहर के विष्णु टॉकीज के सामने मंगलवार को एक सड़क हादसा हो गया। जहां सड़क पर अचानक सामने आई एक कार से बचने के प्रयास में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
सिरोही (राजस्थान)। आबूरोड शहर के विष्णु टॉकीज के सामने मंगलवार को एक सड़क हादसा हो गया। जहां सड़क पर अचानक सामने आई एक कार से बचने के प्रयास में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक सड़क के दीवार पर जाकर टकरा गई तो दूसरी बाइक करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गईं और बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़े।
एक युवक गंभीर घायल, दूसरा मौके से फरार
हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों में एक युवक के सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं दूसरा बाइक सवार हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर शहर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने घायल को पहुंचाया उप जिला अस्पताल
पुलिस ने स्थानीय लोगों एवं निजी वाहन की सहायता से गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक सवार आबूरोड शहर से गांव की ओर जा रहे थे तथा दोनों ही भाटणी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
फरार युवक की तलाश जारी
पुलिस फरार युवक की तलाश के साथ-साथ हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू कराया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: आम तोड़ने पेड़ पर चढ़े युवक की गिरकर हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम