श्योपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। विजयपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दाउदपुर गांव में खेत पर...
श्योपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। विजयपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दाउदपुर गांव में खेत पर काम कर रही दो मासूम बालिकाओं पर एक जंगली सियार (Jackal) ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों बालिकाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। बालिकाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मवेशी के लिए चारा काट रहीं दोनों बालिकाएं
जानकारी के अनुसार, दोनों बालिकाएं खेत पर मवेशियों के लिए चारा काटने गई थीं। सियार ने उन पर बुरी तरह झपट्टा मारकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। बालिकाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़े। लोगों द्वारा भारी शोर मचाने और घेराबंदी करने के बाद सियार बालिकाओं को छोड़कर मौके से जंगल की तरफ भाग गया।
कृष्णा की हालत गंभीर, ग्वालियर रेफर
सियार के इस हमले में दोनों बालिकाओं को गहरी चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, विजयपुर में भर्ती किया गया। घायलों में से एक बालिका, कृष्णा, की हालत अत्यधिक गंभीर और चिंताजनक होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया है। इस घटना के बाद से दाउदपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जंगली जानवरों को लेकर भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सियार को पकड़ने की मांग की है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/heatwave-alert-in-maharashtra-vidarbha-46c/206477