मकर संक्रांति खुशी और उल्लास का त्योहर है पर इसी में चायनीज मांझा गम को भी जीवन में घोल रहा है। इसकी गंभीरता न प्रशासन समझ रहा है औऱ न आम आदमी।
भोपाल। मकर संक्रांति खुशी और उल्लास का त्योहर है पर इसी में चायनीज मांझा गम को भी जीवन में घोल रहा है। इसकी गंभीरता न प्रशासन समझ रहा है औऱ न आम आदमी। मध्य प्रदेश में पतंगबाजी के दौरान प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर बरपाया है। अलग-अलग जिलों में हुए हादसों में दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इंदौर, उज्जैन, इटारसी, रीवा और पन्ना सहित प्रदेश के कई हिस्सों से चाइनीज मांझे से कटने और सड़क हादसों की खबरें सामने आई हैं।
क्षेत्र में शोक की लहर
जानकारी के अनुसार, इंदौर में चार, उज्जैन में दो और इटारसी में एक युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आकर घायल हुआ। वहीं रीवा और पन्ना जिले में पतंग उड़ाते समय हुए अलग-अलग हादसों में दो बच्चों की मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
बाइक चलाते अचानक गले में फंसा मांझा
इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र के तीन इमली इलाके में बाइक से जा रहे एक युवक के गले में अचानक चाइनीज मांझा फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इसी तरह उज्जैन और इटारसी में भी सड़क पर चलते समय मांझे से लोग घायल हुए।
सुरक्षित त्योहार मनाने की अपील
प्रशासन द्वारा चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद इसका खुलेआम उपयोग चिंता का विषय बना हुआ है। पुलिस ने कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए मांझा जब्त किया है और लोगों से सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है।
गैरकानून और जानलेवा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चाइनीज मांझे का उपयोग न केवल गैरकानूनी है, बल्कि यह जानलेवा भी है। इसके बावजूद यदि कोई इसका इस्तेमाल करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/european-nations-deploy-troops-to-greenland-following-trumps-annexation-threat/105018
ट्रंप की 'कब्जे' की धमकी के बाद ग्रीनलैंड में सैन्य हलचल तेज, सुरक्षा के लिए एकजुट हुए यूरोपीय देश