राजगीर से मलमास मेला देखकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे टेंपो और बालू लदे तेज रफ्तार एक बेकाबू ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
नालंदा (बिहार): जिले के छबीलापुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। राजगीर से मलमास मेला देखकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे टेंपो और बालू लदे तेज रफ्तार एक बेकाबू ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा साइडपर स्थित केके मेडिकल कॉलेज के समीप हुई।
मृतकों और घायलों की हुई पहचान
सड़क हादसे में महिला-पुरुष और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक नालंदा और दो गया जी के रहने वाले हैं। खुदागंज थाना क्षेत्र के कोचरा निवासी बिजय रविदास का 25 वर्षीय पुत्र गुडडू कुमार, गया-चाकन के गन्नू बिगहा निवासी 60 वर्षीया रानी देवी और 6 वर्षीया शिवानी कुमारी शामिल है। जबकि, घायलों में गया-चाकन के गन्नू बिगहा की 32 वर्षीया पूजा कुमारी, 3 वर्षीय अंकुश कुमार, 35 वर्षीय राज किशोर रविदास के अलावा नालंदा खुदागंज के कोचरा निवासी 40 वर्षीया गौरी कुमारी, चंद्रावती कुमारी, 7 वर्षीया न्यादो कुमारी और 55 वर्षीया श्याम कुमारी देवी शामिल हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही राजग़ीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता छबीलापुर थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया है। डीएसपी ने हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उग्र लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटा दिया गया है।