तीनों युवकों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया और इसके बाद जोगणिया माता के दर्शन के लिए रवाना हुए। दर्शन करने के बाद वे वापस अपने गांव लौट रहे थे।
बूंदी (राजस्थान): जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बूंदी-बिजौलिया मार्ग पर हट्टीपुरा के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, बांगामाता निवासी 19 वर्षीय विक्रम अपने भाई आकाश और मित्र लवकुश के साथ बूंदी स्थित रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होने आया था। तीनों युवकों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया और इसके बाद जोगणिया माता के दर्शन के लिए रवाना हुए। दर्शन करने के बाद वे वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हट्टीपुरा के पास सामने से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई।
बहुत तेज गति से चल रहे थे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइकें तेज गति से चल रही थीं। हादसे से पहले एक बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

घायल की हालत चिंताजनक
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद विक्रम और दूसरी बाइक सवार प्रशांत पांडे को मृत घोषित कर दिया। प्रशांत पांडे मूल रूप से ओडिशा का निवासी बताया गया है और वह किसी कार्य से क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस घायल युवक के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
परिवारों में कोहराम
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही दोनों मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। विक्रम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। जिस युवक ने कुछ घंटे पहले रक्तदान कर किसी की जिंदगी बचाने का प्रयास किया था, उसकी खुद की जिंदगी सड़क हादसे में खत्म हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।