औरंगाबाद में सोशल मीडिया पर देसी कट्टा लहराकर दबंगई दिखाने वाले दो किशोरों को पुलिस ने हिरासत में लिया और उनके पास से हथियार बरामद कर बाल सुधार गृह भेज दिया।
Two Teenagers Detained for Flaunting Country-Made Pistol in Social Media Reels |
औरंगाबाद (बिहार)। सोशल मीडिया पर स्टेटस और रील के जरिये दबंगई दिखाना दो किशोर को भारी पड़ गया। फेसबुक पर अवैध देसी के साथ वीडियो डालकर इलाके में अपने दोस्तों को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले दो किशोरों को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया। इनके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है।
हथियार के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल
जानकारी के अनुसार, देर शाम कासमा थाना क्षेत्र के दो किशोरों ने हथियार के साथ दबंगई दिखाते हुये तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इसका एक वीडियो भी सामने आया जिसके बाद पुलिस हरकत में आयी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कासमा पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों को हिरासत में ले लिया।
सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई और भय का माहौल
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई और भय का माहौल बनाने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के दौरान आरोपियों की फेसबुक आईडी की पहचान की गई जिस पर देसी कट्टा लहराते हुए वीडियो और रील्स पोस्ट किए जा रहे थे। पुलिस का कहना है कि इस तरह के वीडियो से आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा होने की संभावना थी।
सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दबंगई या गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाले लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। थानाध्यक्ष अक्षवर सिंह ने बताया कि इन दोनों किशोरों द्वारा अवैध देसी कट्टा के साथ सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट डाल कर स्वयं को दबंग और दूसरों में डर फैलाने का काम कर रहे थे।
देसी कट्टा जब्त कर दोनों के खिलाफ कार्रवाई
पुलिस ने देसी कट्टा जब्त कर दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और कानून का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली में पुलिस का बड़ा अभियान, 55 वांछित और वारंटी आरोपी गिरफ्तार