मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने छिंदवाड़ा में हुए भीषण बस हादसे को लेकर राज्य और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है।
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने छिंदवाड़ा में हुए भीषण बस हादसे को लेकर राज्य और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है। भोपाल स्थित अपने सरकारी आवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और दुर्घटनाओं की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की।
कांग्रेस विधायक दल करेंगे 50-50 हजार रुपये की मदद
उमंग सिंघार ने घोषणा की कि कांग्रेस विधायक दल छिंदवाड़ा बस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिवार को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगा। उन्होंने सरकार से पूछा कि अलग-अलग घटनाओं में 'मौतों पर मुआवजा राशि में अंतर क्यों' है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में मुआवजा नीति एक समान नहीं है, कहीं राशि कम है तो कहीं ज्यादा।
दुर्घटनाओं से 'इमरजेंसी' जैसे हालात
सिंघार ने प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों का जिक्र करते हुए कहा कि देश और प्रदेश में वर्तमान स्थिति 'इमरजेंसी' (आपातकाल) जैसी हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है और आम जनता सुरक्षित नहीं है। छिंदवाड़ा हादसे का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे बेहद दुखद और प्रशासनिक विफलता का परिणाम बताया।
सीएम के कार्यक्रम से लौट रही बस का भीषण हादसा हुआ था
हाल ही में छिंदवाड़ा के सिमरिया के पास एक बस और पिकअप वाहन के बीच भीषण टक्कर हुई थी। यह बस मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही थी, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये देने का ऐलान किया था, जिस पर अब विपक्ष ने सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/dashcam-captures-high-speed-car-crash-while-avoiding-cyclist/152687
साइकिल सवार को बचाने में दो कारों की भीषण टक्कर, हादसा डैशकैम में कैद