उमरिया के निगहरी गांव में पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापा मारकर आठ लोगों को गिरफ्तार किया और नकदी समेत जुआ खेलने की सामग्री जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू की।
उमरिया (मध्य प्रदेश)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम निगहरी में पुलिस ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, ताश के पत्ते और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
गुप्त सूचना पर हो रही कार्यवाई
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी, कि ग्राम निगहरी में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये लगाकर हार-जीत की बाजी खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया।
दोषियों के विरुद्ध होगी विधिवत कार्यवाई
जब्त सामग्री को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर विधिवत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में रवि कुमार राय, अमित कुमार गुप्ता, राजेश कुमार महार, बृजकुमार महार, शिवकुमार गुप्ता, ईश्वर दीन बैगा, ओमप्रकाश शिवहरे तथा मनीष गुप्ता शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी ग्राम निगहरी के निवासी हैं, जबकि कुछ आरोपी आसपास के ग्राम निमहा और हर्रवाह से बताए गए हैं।
मध्यप्रदेश जुआ एक्ट की धारा 13 के अंतर्गत मामला दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 406/2026 के तहत मध्यप्रदेश जुआ एक्ट की धारा 13 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक उपनिरीक्षक बी.एल. सिंह ने किया। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध जुआ, सट्टा या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
यह भी पढ़ें: रायबरेली में खौफनाक हत्याकांड, पति-पत्नी ने प्रेमी की हत्या कर घर में दफनाई लाश