प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अज्ञात शव मिलने से हड़कंप

लखीसराय में सड़क किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

लखीसराय के पीरीबाजार थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।

लखीसराय में सड़क किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी पुलिस जांच में जुटी

Unidentified Youth Found Dead in Lakhisarai, Police Launch Investigation |

लखीसराय,(बिहार)। पीरीबाजार थाना क्षेत्र के बेनीपुर रेल अंडरपास से महेशपुर जाने वाली सड़क किनारे शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह राहगीरों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर आसपास के गांवों के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही पीरीबाजार थाना अध्यक्ष चंद्रवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेदनीचौकी थाना अध्यक्ष चितरंजन कुमार तथा मानिकपुर थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने का कार्य प्रारंभ किया।

शव से कुछ दूरी पर एक मोबाइल फोन भी बरामद

घटनास्थल पर सड़क पर काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ मिला। वहीं शव से कुछ दूरी पर एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना भेजने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

पहचान होने के बाद होंगें मामले में महत्वपूर्ण खुलासे

आशंका जताई जा रही है, कि पहचान होने के बाद मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से खून के नमूने, मोबाइल फोन सहित अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र कर जांच करेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू

फिलहाल पुलिस हत्या, अथवा अन्य किसी आपराधिक घटना सहित सभी संभावित बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। 

यह भी पढ़ेंः राजनांदगांव में भीषण सड़क हादसा, एक मासूम की मौत, सात घायल

Related to this topic: